टॉप न्यूज़

नॉर्थ कोलकाता में 1,835 बूथ, इनमें से 837 ‘हाइली सेंसिटिव’

भीड़भाड़ और घनी आबादी बनी बड़ी वजह बढ़ी सुरक्षा, ज्यादातर बूथ संवेदनशील मतदान से पहले पुन: होगी समीक्षा

केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : ECI की सख्ती के बीच वेस्ट बंगाल असेंबली इलेक्शन 2026 में नॉर्थ कोलकाता का चुनावी मैदान इस बार बेहद संवेदनशील हो गया है। डिस्ट्रिक्ट इलेक्शन ऑफिसर स्मिता पांडे की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, यहां के लगभग आधे बूथों को ‘हाइली सेंसिटिव’ घोषित किया गया है, जिससे साफ है कि प्रशासन किसी भी तरह का जोखिम लेने के मूड में नहीं है।

ज्यादातर बूथों पर सख्त निगरानी

नॉर्थ कोलकाता के सात विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1,835 बूथ बनाए गए हैं। इनमें से 837 बूथों को शुरुआती तौर पर ‘हाइली सेंसिटिव’ की श्रेणी में रखा गया है। यह फैसला पिछले चुनावी अनुभव, मतदान पैटर्न और वर्तमान हालात को ध्यान में रखकर लिया गया है।

29 अप्रैल से पहले होगा दोबारा रिव्यू

डीईओ स्मिता पांडे ने स्पष्ट किया है कि यह अंतिम सूची नहीं है। 29 अप्रैल को मतदान से पहले एक बार फिर कानून-व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी। जरूरत पड़ने पर संवेदनशील बूथों की संख्या और बढ़ाई जा सकती है। प्रशासन का मानना है कि नॉर्थ कोलकाता की संकरी गलियां, अत्यधिक जनसंख्या घनत्व और जटिल इलाकाई संरचना सुरक्षा के लिहाज से बड़ी चुनौती हैं। इसी कारण यहां अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

महिलाओं द्वारा संचालित 100 बूथ

इस चुनाव में महिला सशक्तीकरण की झलक भी देखने को मिल रही है। सात विधानसभा क्षेत्रों में कुल 100 बूथ पूरी तरह महिलाओं द्वारा संचालित किए जाएंगे।

विधानसभा क्षेत्रवार महिला बूथों का विवरण:

चौरंगी (162) – 14

इंटाली (163) – 18

बेलियाघाटा (164) – 17

जोड़ासांको (165) – 15

श्यामपुकुर (166) – 11

मानिकतला (167) – 15

काशीपुर-बेलगछिया (168) – 10

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

सबसे संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल के साथ केंद्रीय बलों की तैनाती बढ़ाने की तैयारी है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस बार आयोग किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए पूरी तरह एक्टिव मोड में है।

‘सुरक्षा कवच’ में नॉर्थ कोलकाता

मतदान से पहले पूरे नॉर्थ कोलकाता को सुरक्षा के मजबूत घेरे में लाने की रणनीति बनाई जा रही है। प्रशासन का लक्ष्य है कि मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।

SCROLL FOR NEXT