फाइल फोटो  REP
टॉप न्यूज़

उत्तर दमदम : लगातार आगजनी की घटनाओं से प्रशासन चिंतित, निजी बाजारों के लिए जारी हुए सख्त निर्देश

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

उत्तर दमदम : उत्तर दमदम नगर पालिका क्षेत्र के विराटी इलाके में पिछले तीन महीनों के भीतर लगातार हुई तीन आगजनी की घटनाओं ने नागरिकों और प्रशासन की नींद उड़ा दी है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए नगर पालिका ने अब निजी बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त रुख अख्तियार किया है। बार-बार होने वाले इन हादसों को रोकने के लिए नगर पालिका अधिकारियों ने निजी बाजार मालिकों के साथ विशेष बैठकें शुरू कर दी हैं, जिसमें अग्नि सुरक्षा मानकों को अनिवार्य रूप से लागू करने का निर्देश दिया गया है।

विराटी रेलवे स्टेशन के आसपास के क्षेत्रों में नवंबर से लेकर अब तक आग लगने की तीन बड़ी घटनाएं घट चुकी हैं। पहली घटना 29 नवंबर को मध्य नीलांचल इलाके में हुई, जहां छह दुकानें और घर जलकर राख हो गए। इसके बाद 29 दिसंबर की रात यदुबाबू बाजार में भीषण आग लगी, जिसमें 200 से अधिक दुकानें जल गईं और करोड़ों का नुकसान हुआ। हाल ही में 7 फरवरी को स्टेशन के पास फिर से दो दुकानें जल गईं, जिससे ट्रेनों का आवागमन भी बाधित हुआ। इन घटनाओं ने बाजारों की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

अग्नि सुरक्षा, सीसीटीवी और कचरा प्रबंधन को लेकर को लेकर होगी विशेष तैयारी

उत्तर दमदम नगर पालिका के चेयरमैन विधान विश्वास ने इस स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बार-बार लग रही आग को रोकने के लिए व्यापारियों के साथ चर्चा की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदुबाबू बाजार को अब एक मॉडल बाजार के रूप में पुनर्विकसित किया जा रहा है, जहां उन्नत अग्निशमन प्रणाली, पर्याप्त जल आपूर्ति, गोदाम, सीसीटीवी कैमरे, शौचालय और कचरा प्रबंधन की आधुनिक व्यवस्था होगी। चेयरमैन ने निर्देश दिया है कि यही मॉडल शहर के अन्य निजी बाजारों में भी लागू किया जाना चाहिए।

विराटी स्टेशन और उसके आसपास का इलाका बेहद व्यस्त और भीड़भाड़ वाला है। यहां छोटी-बड़ी सैकड़ों दुकानें हैं, जिनमें से कई दुकानों में खाना पकाने का काम भी होता है, जिससे खतरे की संभावना अधिक रहती है। शहर में विराटी और निमता सहित 30 से अधिक छोटे-बड़े बाजार हैं, जिनमें से अधिकांश की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था संतोषजनक नहीं है। नगर पालिका ने अब बाजार अधिकारियों को बुलाकर सख्त निर्देश दिए हैं कि वे अपने परिसरों में अग्निशमन उपकरण सुनिश्चित करें और सुरक्षा नियमों का पालन करें, अन्यथा उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

SCROLL FOR NEXT