निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बैरकपुर: मणीरामपुर इलाके में एक विवादास्पद अवैध निर्माण को लेकर उत्तर बैरकपुर नगर पालिका ने आगामी शुक्रवार को एक विशेष बोर्ड बैठक बुलाई है। इस बैठक में निर्माण की वैधता और आगे की कार्रवाई पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है। नगर पालिका ने भवन की मालकिन मिठू बंद्योपाध्याय को अपने अनुमोदित बिल्डिंग प्लान के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया है।
शिकायत है कि निर्माणाधीन इमारत में अनिवार्य खाली जगह (Open Space) के नियमों की अनदेखी की गई है और स्वीकृत प्लान से अधिक मंजिलें खड़ी कर दी गई हैं। शुक्रवार को होने वाली इस उच्च स्तरीय बैठक में नगर पालिका के सभी पार्षदों की उपस्थिति में इस निर्माण के भविष्य पर निर्णय लिया जाएगा।
यह मामला केवल निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे एक दुखद घटना भी जुड़ी है। पड़ोसी जयंत अधिकारी ने इस अवैध निर्माण के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि शिकायत को लेकर स्थानीय तृणमूल पार्षद रवींद्रनाथ भट्टाचार्य और जयंत अधिकारी के बीच तीखी बहस हुई थी। इस हंगामे के दौरान जयंत बाबू के 81 वर्षीय पिता तुलसी अधिकारी बीच-बचाव करने आए और अचानक गिरकर बीमार हो गए। अस्पताल ले जाने पर उनकी मृत्यु हो गई।
पिता की मौत के बाद जयंत अधिकारी ने पार्षद रवींद्रनाथ भट्टाचार्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया था। पार्षद फिलहाल जेल हिरासत में हैं और तृणमूल कांग्रेस ने उन्हें 6 साल के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया है। शुक्रवार की विशेष बोर्ड बैठक में शिकायतकर्ता जयंत अधिकारी को भी बुलाया गया है ताकि उनका पक्ष सुना जा सके।