सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : उत्तर अंडमान में चल रहे एंटी-पोचिंग अभियान ‘ऑपरेशन कोरल शील्ड’ के तहत 19 दिसंबर 2025 को एक समर्पित पुलिस दल द्वारा घने जंगल क्षेत्रों में सतत ट्रैकिंग और सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस थाना डिगलीपुर की टीम ने अपने अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत कॉफी डेरा क्षेत्र से एक और म्यांमारी घुपैठिया को सफलतापूर्वक गिरफ्तार किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान संवेदनशील वन क्षेत्रों की निरंतर निगरानी और जमीनी तलाशी के माध्यम से शेष फरार आरोपितों को पकड़ने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। अभियान में जंगल के कठिन मार्गों, दुर्गम क्षेत्रों और जोखिम भरे इलाकों में भी तलाशी और निगरानी कार्य किया गया। इससे यह सुनिश्चित किया गया कि क्षेत्र में सक्रिय सभी अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों की पकड़ संभव हो।
डिगलीपुर थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी म्यांमारी घुपैठिया अवैध रूप से वन क्षेत्र में प्रवेश कर रहा था और उसकी गतिविधियों पर पुलिस की नजर पहले से थी। गिरफ्तारी के समय आरोपी संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया और पुलिस ने आवश्यक पूछताछ और दस्तावेजी कार्रवाई के बाद उसे हिरासत में लिया।
उत्तर एवं मध्य अंडमान जिला पुलिस ने बताया कि समुद्री और वन जैव विविधता की सुरक्षा, अवैध घुसपैठ की रोकथाम तथा पर्यावरणीय और क्षेत्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अपराध या अवैध गतिविधि से संबंधित विश्वसनीय जानकारी अपने नजदीकी पुलिस थाना या दूरभाष संख्या 100, 112 एवं 03192-273344 पर साझा करें।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और उन्हें आवश्यकतानुसार उपयुक्त पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन कोरल शील्ड के तहत आगे भी नियमित निगरानी, जंगल में सघन तलाशी और संदिग्ध गतिविधियों पर सतत नजर रखी जाएगी।
इस अभियान का उद्देश्य केवल अवैध घुसपैठियों को पकड़ना नहीं है, बल्कि क्षेत्र की जैव विविधता, वन्यजीवों और स्थानीय सुरक्षा को सुनिश्चित करना भी है। पुलिस ने बताया कि भविष्य में भी इस तरह के अभियान चलाए जाएंगे और आम जनता की सक्रिय भागीदारी से इन अभियानों की सफलता सुनिश्चित होगी।