फाइल फोटो  
टॉप न्यूज़

उत्तर 24 परगना : स्कूलों और मदरसों में आवारा कुत्तों की रोकथाम के लिए सख्त निर्देश

स्थानीय प्रशासन और नगरपालिका के साथ समन्वय कर उठाने होंगे जरूरी कदम

Nidhi Gupta

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बारासात : स्कूल परिसरों में आवारा कुत्तों के बढ़ते उपद्रव और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उत्तर 24 परगना जिला विद्यालय निरीक्षक (माध्यमिक) कार्यालय ने सख्त निर्देशिका जारी की है। जिले के सभी स्कूलों और मदरसों के प्रधानों को इन निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा गया है। इसका उद्देश्य विद्यालय परिसर में आवारा कुत्तों की आवाजाही पर नियंत्रण रखना और पढ़ाई के दौरान बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की ओर से जारी अधिसूचना सुप्रीम कोर्ट के पूर्ववर्ती निर्देशों और राज्य के स्कूल शिक्षा आयुक्त के आदेश पर आधारित है। इसके तहत स्कूलों को एनिमल हसबेंड्री ऑफ इंडिया के मानक संचालन दिशा-निर्देशों (एसओपी) के अनुसार सुरक्षा संबंधी उपाय करने होंगे। प्रत्येक विद्यालय के नोडल शिक्षक को प्रधानाध्यापक के साथ चर्चा कर जल्द आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया गया है।

निगरानी की जिम्मेदारी अधिकारियों को सौंपी गई

इसके अलावा, आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए स्थानीय ब्लॉक प्रशासन या संबंधित नगरपालिका के निर्धारित कर्मचारियों के साथ संपर्क बनाए रखना होगा। बनगांव और बशीरहाट महकमा के अतिरिक्त जिला विद्यालय निरीक्षकों के साथ सभी विद्यालय निरीक्षकों को निर्देशों के पालन पर कड़ी नजर रखने को कहा गया है। हाल के दिनों में देश के विभिन्न हिस्सों में स्कूल परिसरों में कुत्तों के हमले की घटनाएं सामने आई हैं। ओडिशा के बालेश्वर में तीसरी कक्षा के एक छात्र को कुत्ते ने काटकर घायल कर दिया था। हरियाणा के हिसार में एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय की कक्षा में घुसे कुत्ते ने छह विद्यार्थियों को काट लिया था। वहीं, जलपाईगुड़ी के नागराकाटा में मध्याह्न भोजन के दौरान स्कूल परिसर में कुत्तों के जमावड़े से बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी। इन घटनाओं के मद्देनजर विद्यालयों में सतर्कता बढ़ाने पर जोर दिया गया है।

SCROLL FOR NEXT