निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बैरकपुर: बैरकपुर अंचल के नोआपड़ा के पूर्व विधायक व तृणमूल नेता सुनील सिंह ने सोमवार को आधिकारिक तौर पर पार्टी से नाता तोड़ने की घोषणा कर दी। गारुलिया स्थित अपने कार्यालय से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तस्वीर हटाकर उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि अब उनका तृणमूल से कोई वास्ता नहीं है।
मीडिया से बात करते हुए सुनील सिंह ने कहा, "मैंने अपनी टिकट कटा ली है, जैसे ही यह कन्फर्म होगी, मैं बता दूंगा। तृणमूल ने मुझे 2022 से 2026 तक 'वेटिंग लिस्ट' में रखा।" उन्होंने आरोप लगाया कि अर्जुन सिंह का रिश्तेदार होने के कारण उन्हें पार्टी में जानबूझकर किनारे (कोने) कर दिया गया था। उन्होंने साफ कहा कि जिस दल में विश्वास न हो, वहां एक पल भी नहीं रहना चाहिए।
सुनील सिंह एक बार विधायक, तीन बार नगर पालिका अध्यक्ष और 25 वर्षों तक पार्षद रह चुके हैं। उन्होंने याद दिलाया कि 1995 में उन्होंने, उनके पिता और भाई ने निर्दलीय चुनाव जीतकर अपनी ताकत दिखाई थी। गौरतलब है कि पिछले शुक्रवार को उन्हें भाजपा उम्मीदवार अर्जुन सिंह के साथ रामनवमी की शोभायात्रा में देखा गया था, जिसके बाद से उनके दल-बदल की अटकलें तेज थीं। सूत्रों का दावा है कि वे अगले एक-दो दिनों में औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल हो सकते हैं।