निधि, सन्मार्ग संवाददाता
नोआपारा: उत्तर 24 परगना जिले के नोआपारा विधानसभा क्षेत्र में बुधवार देर रात हुई बमबाजी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। अज्ञात बदमाशों ने तृणमूल छात्र परिषद (TMCP) के नेता शुभ रंजन सिंह के घर को निशाना बनाते हुए एक के बाद एक दो बम फेंके। गनीमत रही कि इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन विस्फोट के कारण घर के एक हिस्से को नुकसान पहुँचा है।
यह पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह उपद्रवियों ने तांडव मचाया और बम फेंककर फरार हो गए। शुभ रंजन सिंह के पिता दिलीप सिंह ने बताया कि 4 मई को चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद से ही शुभ रंजन घर से बाहर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि परिणाम की रात भी उनके घर पर तीन बार हमला किया गया था, जिसकी शिकायत जगद्दल थाने में दर्ज कराई गई थी। कुछ दिनों की शांति के बाद बुधवार रात को फिर से हुए इस हमले ने परिवार को गहरे सदमे और डर में डाल दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची। परिवार की ओर से जगद्दल थाने में लिखित शिकायत दर्ज करा दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। स्थानीय तृणमूल नेतृत्व ने इस हमले के पीछे राजनीतिक साजिश का अंदेशा जताया है, वहीं पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।