हावड़ा में अभियान चलाते पुलिस कर्मी
निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा :
हावड़ा ग्रामीण जिला पुलिस की डिटेक्टिव एन्फोर्समेंट ब्रांच (डीईबी) की टीम ने जगतबल्लवपुर थाना पुलिस के साथ मिलकर स्थानीय दुकानों में अभियान चलाया। इस दौरान दुकानों में बिकने वाले चाय, नमक, खाद्य तेल समेत विभिन्न उत्पादों की जांच की गयी। अभियान का उद्देश्य बाजार में अवैध और नकली सामान की बिक्री पर रोक लगाना तथा उपभोक्ताओं को मिलावटी या जाली उत्पादों से बचाना था। पुलिस टीम ने दुकानों में उपलब्ध विभिन्न ब्रांड के उत्पादों की पैकेजिंग, लेबल और अन्य संबंधित विवरणों की जांच की। खास तौर पर प्रतिष्ठित कंपनियों के नाम और पहचान का इस्तेमाल कर नकली सामान बेचने की गतिविधियों पर नजर रखी गयी। पुलिस के अनुसार, नामी ब्रांड के नकली उत्पाद तैयार कर उनकी बिक्री करना कॉपीराइट और ट्रेडमार्क से संबंधित लागू कानूनों के तहत दंडनीय अपराध है। हावड़ा ग्रामीण जिला पुलिस ने बताया कि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा और बाजार में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। पुलिस का कहना है कि प्रतिष्ठित कंपनियों के नाम पर नकली सामान की बिक्री से न केवल संबंधित कंपनियों के अधिकारों का उल्लंघन होता है, बल्कि इससे आम लोगों के साथ भी धोखाधड़ी की आशंका रहती है। पुलिस ने दुकानदारों को भी अवैध अथवा नकली उत्पादों की बिक्री से दूर रहने की हिदायत दी है। अभियान के जरिए बाजार में सुरक्षित और वास्तविक उत्पादों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में कार्रवाई जारी रखने की बात कही गयी है।