नामांकन पत्र जमा देते बिहार के सीएम नीतीश कुमार। साथ में है केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अन्य नेता। 
टॉप न्यूज़

नीतीश कुमार ने दिल्ली के लिए कटाया टिकट

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है।

पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बृहस्पतिवार को यहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में राज्यसभा के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

साल 2005 से रिकॉर्ड 10 बार मुख्यमंत्री रहे कुमार और नवीन ने बिहार विधानसभा की सचिव ख्याति सिंह के कक्ष में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस मौके पर अमित शाह के अलावा दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा तथा राज्य सरकार के कई अन्य मंत्री भी मौजूद थे।

इससे पहले दिन में नीतीश कुमार ने घोषणा की थी कि वह राज्यसभा का चुनाव लड़ेंगे, जिसके साथ ही बिहार के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने के उनके कार्यकाल का अंत हो जाएगा।कुमार ने कहा कि राज्य में ‘‘जो नयी सरकार बनेगी, उसे उनका पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलेगा।’’

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में राज्य की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘दो दशकों से अधिक समय तक आपने लगातार मुझ पर विश्वास और समर्थन बनाए रखा। इसी भरोसे की ताकत से हमने बिहार और आप सभी की पूरी निष्ठा के साथ सेवा की है। आपके विश्वास और समर्थन की शक्ति से ही आज बिहार विकास और गरिमा की नयी पहचान प्रस्तुत कर पा रहा है।’’

कुमार ने कहा, ‘‘संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूं। इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं आपको पूरी ईमानदारी से विश्वास दिलाना चाहता हूं कि आपके साथ मेरा यह संबंध भविष्य में भी बना रहेगा एवं आपके साथ मिलकर एक विकसित बिहार बनाने का संकल्प पूर्ववत कायम रहेगा। जो नयी सरकार बनेगी उसको मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा।’’

पिछले वर्ष नवंबर में हुए विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को प्रचंड बहुमत दिलाने के बाद कुमार के पद छोड़ने के साथ ही अब यह अटकलें हैं कि भारतीय जनता पार्टी का कोई नेता राज्य का नया मुख्यमंत्री बनेगा।

SCROLL FOR NEXT