पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मध्य प्रदेश के इंदौर में एक मकान में आग लगने से बिहार के किशनगंज जिले के छह लोगों की मौत की घटना पर बृहस्पतिवार को गहरा शोक व्यक्त किया। आग बुधवार को इंदौर में एक इलेक्ट्रिक कार के चार्जिंग प्वाइंट पर शॉर्ट सर्किट के कारण लगी।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का निर्देश दिया है। इस घटना को “अत्यंत दुखद” बताते हुए उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली स्थित स्थानिक आयुक्त को निर्देश दिया कि वे मध्य प्रदेश सरकार के साथ समन्वय कर मृतकों के शवों को सुरक्षित रूप से उनके पैतृक राज्य बिहार लाने की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने के लिए प्रार्थना की।