राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) राउरकेला के शोधकर्ताओं ने कृषि और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। संस्थान के वैज्ञानिकों ने मानव मूत्र से स्ट्रुवाइट (Struvite) नामक धीमी गति से पोषक तत्व छोड़ने वाली फॉस्फेट खनिज खाद तैयार करने की नई इलेक्ट्रोकेमिकल तकनीक विकसित की है। इस तकनीक से अपशिष्ट पदार्थों का उपयोगी संसाधन के रूप में इस्तेमाल किया जा सकेगा और रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने की दिशा में मदद मिल सकती है।
यह शोध प्रतिष्ठित Journal of Water Process Engineering में प्रकाशित हुआ है। शोधकर्ताओं के अनुसार, फॉस्फोरस पौधों की वृद्धि के लिए आवश्यक पोषक तत्व है और नाइट्रोजन-फॉस्फोरस-पोटैशियम (NPK) उर्वरकों के तीन प्रमुख घटकों में शामिल है। किसान इन उर्वरकों का इस्तेमाल फसल की पैदावार बढ़ाने और मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के लिए करते हैं। हालांकि, इनके औद्योगिक उत्पादन में काफी ऊर्जा खर्च होती है और लागत भी अधिक आती है।
वैज्ञानिकों का मानना है कि औद्योगिक प्रक्रियाओं के बजाय अपशिष्ट पदार्थों से नाइट्रोजन और फॉस्फोरस जैसे पोषक तत्वों को प्राप्त करना एक बेहतर विकल्प हो सकता है। इससे संसाधनों का पुनर्चक्रण संभव होगा और अपशिष्ट निपटान की समस्या भी कम हो सकती है। इससे पहले पोषक तत्वों की रिकवरी के लिए रासायनिक अवक्षेपण (Chemical Precipitation) तकनीक का इस्तेमाल किया जाता रहा है, जिसमें मूत्र में विशेष रसायन मिलाकर पोषक तत्वों को ठोस रूप में अलग किया जाता है। हालांकि, इस प्रक्रिया में लगातार क्षारीय रसायनों और बाहरी मैग्नीशियम लवणों की जरूरत पड़ती है, जिससे लागत बढ़ जाती है।
NIT राउरकेला के जैव प्रौद्योगिकी एवं मेडिकल इंजीनियरिंग विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर बालासुब्रमण्यम ने बताया कि उनकी टीम की इलेक्ट्रोकेमिकल तकनीक पोषक तत्वों की रिकवरी का एक टिकाऊ और बिना बाहरी रसायन मिलाए काम करने वाला तरीका प्रदान करती है। इसमें मैग्नीशियम एनोड का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे आवश्यक मैग्नीशियम आयन प्रक्रिया के दौरान ही उत्पन्न होते हैं। इससे बाहरी रसायनों की आवश्यकता समाप्त होती है और स्ट्रुवाइट के निर्माण की प्रक्रिया को बेहतर तरीके से नियंत्रित किया जा सकता है।
हालांकि, इस तकनीक के सामने एक चुनौती इलेक्ट्रोड की सतह पर कीचड़ और अन्य अवशेषों का जमा होना है। इससे बिजली का प्रवाह प्रभावित होता है और रासायनिक प्रतिक्रिया की गति तथा प्रणाली की दक्षता कम हो सकती है। इस समस्या को दूर करने के लिए शोधकर्ताओं ने रिवर्स पोलराइजेशन तकनीक अपनाई। इसमें समय-समय पर विद्युत धारा की दिशा बदल दी जाती है, जिससे इलेक्ट्रोड पर जमा अवशेष हट जाते हैं और मूत्र के घोल में मैग्नीशियम का समान रूप से घुलना संभव होता है।
शोधकर्ताओं के टेक्नो-इकोनॉमिक विश्लेषण के अनुसार, 35 लीटर क्षमता वाले रिएक्टर में केवल स्ट्रुवाइट की रिकवरी करना फिलहाल अधिक परिचालन लागत के कारण आर्थिक रूप से लाभकारी नहीं है। इसके लिए अमोनियम सल्फेट जैसे अन्य पोषक तत्वों की रिकवरी को भी प्रक्रिया के साथ जोड़ना जरूरी होगा। वैज्ञानिकों का मानना है कि इस तकनीक को आगे विकसित कर विकेंद्रीकृत स्तर पर पोषक तत्वों के पुनर्चक्रण और टिकाऊ कृषि को बढ़ावा दिया जा सकता है।