टॉप न्यूज़

NIT राउरकेला ने बेकार प्रोटीन से घाव भरने वाला जेल बनाया, पेटेंट मिला

बेकार हो चुके प्रोटीन से हाइड्रोजेल बनाने की विधि को NIT राउरकेला ने कराया पेटेंट

Muskan Lall

नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NIT) राउरकेला के शोधकर्ताओं ने दवा कंपनियों द्वारा बेकार समझकर फेंक दिए जाने वाले निष्क्रिय प्रोटीन को हाइड्रोजेल में बदलने की एक विधि का पेटेंट हासिल किया है। इस हाइड्रोजेल का इस्तेमाल भविष्य में घाव भरने, ऊतकों के पुनर्निर्माण और दवाओं को शरीर के खास हिस्सों तक पहुंचाने में किया जा सकता है। शोध के निष्कर्ष रॉयल सोसाइटी ऑफ केमिस्ट्री की जर्नल ऑफ मैटेरियल्स केमिस्ट्री में प्रकाशित हुए हैं।

NIT राउरकेला के रसायन विज्ञान विभाग के प्रोफेसर हरेकृष्ण साहू के अनुसार, प्रोटीन मानव शरीर में ऊतकों की मरम्मत और जैविक प्रक्रियाओं के नियमन सहित कई महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। आधुनिक दवाओं और पुनर्योजी उपचारों में भी इनकी अहम भूमिका है। हालांकि, गर्मी, रसायनों या कठोर प्रसंस्करण स्थितियों के संपर्क में आने पर प्रोटीन अपनी त्रि-आयामी संरचना खो सकते हैं।

साहू ने बताया कि संरचना बिगड़ने के बाद प्रोटीन के अणु आपस में चिपककर गुच्छे बना लेते हैं, जिन्हें एग्रीगेट्स कहा जाता है। इस प्रक्रिया के कारण प्रोटीन अपनी जैविक कार्यक्षमता खो देते हैं और दवा तथा जैव-प्रौद्योगिकी कंपनियां आमतौर पर उन्हें इस्तेमाल के योग्य नहीं मानतीं।

शोधकर्ताओं ने ऐसे ही बेकार हो चुके प्रोटीन से घाव भरने वाला हाइड्रोजेल तैयार करने की प्रक्रिया विकसित की है। इसके लिए उन्होंने बोन मॉर्फोजेनेटिक प्रोटीन-2 (BMP-2) को लगभग 85 डिग्री सेल्सियस तापमान पर 10 मिनट तक गर्म किया, जिससे उसकी मूल संरचना खुल गई। इसके बाद रासायनिक प्रतिक्रियाओं के जरिए प्रोटीन का एग्रीगेशन कराया गया। इन एग्रीगेट्स में हाइड्रोजन पेरॉक्साइड और हायलूरोनिक एसिड मिलाकर जेल तैयार किया गया।

इस सामग्री में बेहद छोटे छिद्र होते हैं, जो पानी सोखने, दवाओं को अपने भीतर बनाए रखने और शरीर के ऊतकों के साथ संपर्क स्थापित करने में मदद करते हैं। साहू के मुताबिक, BMP-2 प्रोटीन और हायलूरोनिक एसिड के संयुक्त प्रभाव से हाइड्रोजेल की संरचना बेहतर हुई। इससे उसकी पानी रोकने की क्षमता, एंटीऑक्सिडेंट गतिविधि और दवाओं को धीरे-धीरे छोड़ने की विशेषताओं में सुधार हुआ।

प्रयोगशाला परीक्षणों में शोधकर्ताओं ने हाइड्रोजेल में एंटीबायोटिक एम्पिसिलिन मिलाकर उसकी दवा छोड़ने की क्षमता का परीक्षण किया। नतीजों से लक्षित दवा वितरण की इसकी संभावनाओं का संकेत मिला। इसके अलावा, हाइड्रोजेल ने फाइब्रोब्लास्ट कोशिकाओं की वृद्धि को भी समर्थन दिया। ये कोशिकाएं घाव भरने की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

NIT राउरकेला के जीवन विज्ञान विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर मोनालिसा मिश्रा ने बताया कि BMP-2 और हायलूरोनिक एसिड से बने इस हाइड्रोजेल की घाव भरने की क्षमता का मूल्यांकन ड्रोसोफिला मेलानोगास्टर को जीवित मॉडल के रूप में इस्तेमाल करके किया गया। उन्होंने कहा कि शुरुआती नतीजे उत्साहजनक हैं, लेकिन क्लिनिकल परीक्षणों से पहले बड़े पशु मॉडल में इसकी जैव-अनुकूलता (बायोकम्पैटिबिलिटी) स्थापित करना अभी जरूरी है।

SCROLL FOR NEXT