टॉप न्यूज़

ज्ञान बिंदु डायरेक्टर के भाई प्रिंस की नेपाल में संदिग्ध मौत की खबर

पटना के चर्चित कोचिंग विवाद में नया मोड़, खान ग्लोबल पर हमले के मामले में फरार चल रहा था प्रिंस

पटना : बिहार के चर्चित खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग विवाद मामले में नया मोड़ सामने आया है। ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद के भाई प्रिंस की नेपाल में संदिग्ध मौत की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि प्रिंस नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में ठहरा हुआ था, जहां उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

हालांकि, प्रिंस की मौत की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जानकारी मिलने के बाद जांच शुरू कर दी गई है।

खान सर की कोचिंग पर हमले में था आरोपी

प्रिंस पर फैसल खान उर्फ खान सर की कोचिंग खान ग्लोबल स्टडीज में हुई तोड़फोड़ और हमले के मामले में आरोप लगा था। इस मामले में खान ग्लोबल के मैनेजमेंट से जुड़े कन्हैया की शिकायत पर रौशन आनंद और प्रिंस समेत अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।

घटना के बाद से प्रिंस फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

रौशन आनंद जेल में बंद

इस मामले में ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद को गिरफ्तार कर पटना की बेऊर जेल भेजा गया था। पुलिस ने खान ग्लोबल स्टडीज में पथराव और तोड़फोड़ के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया था।

खान सर पर भी दर्ज हुई थी FIR

विवाद के बाद खान ग्लोबल स्टडीज मामले में खान सर पर भी प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद उन्होंने अदालत में सरेंडर किया था। कोर्ट ने उन्हें अंतरिम राहत देते हुए रिहा कर दिया था।

पटना पुलिस के अनुसार, खान ग्लोबल स्टडीज परिसर में पथराव और तोड़फोड़ की घटना हुई थी। मामले में जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

SCROLL FOR NEXT