प्रसेनजीत, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता: राज्य सरकार ने विभिन्न विकास प्राधिकरणों और विभागों में नए पदों के सृजन और भर्तियों की मंजूरी दी है। सूत्रों के अनुसार, बक्रेश्वर, मुकुटमणिपुर, पाथरचापड़ी, फुरफुरा शरीफ और तारकेश्वर विकास प्राधिकरणों में जूनियर असिस्टेंट प्लानर के पाँच-पाँच पद बनाए गए हैं। गुरुवार को मंत्रिमंडल ने कोलकाता नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग में मेडिकल ऑफिसर (जनरल) के 41 रिक्त पदों को सीधे भर्ती के लिए स्वीकृति दी है।
इन भर्तियों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और कर्मचारियों की कमी को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। कोलकाता के एआईडब्ल्यूसी बुनियादी बालिका उच्च विद्यालय के उच्च माध्यमिक विभाग में सात नियमित शिक्षक पद सृजित करने और भरने के प्रस्ताव को भी पास किया गया है। इससे शिक्षा के क्षेत्र में स्थायित्व और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुनिश्चित होगा। इसके अतिरिक्त, सिलीगुड़ी नगर निगम में सहायक अभियंता (सिविल) के तीन नए पद बनाए गए हैं।
पश्चिम बंगाल राज्य औषधि नियंत्रण एवं अनुसंधान प्रयोगशाला में भी कई पद सृजित किए गए हैं। इनमें जूनियर साइंटिफिक ऑफिसर के 1 पद, सीनियर साइंटिफिक असिस्टेंट के 5 पद और जूनियर साइंटिफिक असिस्टेंट के 4 पद शामिल हैं। राज्य सरकार का यह कदम विभिन्न विभागों में दक्ष और योग्य कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, प्रशासनिक क्षमता बढ़ाने और सेवाओं की गुणवत्ता को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।