नयी सरकारी बस सेवा की शुरुआत के बाद विधायक अमित सामंत लोगों के साथ बस में सफर करते हुए  
टॉप न्यूज़

हावड़ा में शुरू हुई कुलिया-हावड़ा सरकारी बस सेवा,महिलाओं के लिए मुफ्त सफर

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा: हावड़ा जिले के भाटोरा द्वीप और उसके आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों के लिए परिवहन के क्षेत्र में एक बड़ी खुशखबरी है। स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए प्रशासन ने कुलिया से हावड़ा के बीच एक नई सरकारी बस सेवा की शुरुआत की है। इस सेवा के शुरू होने से ग्रामीण हावड़ा के लोग अब बेहद कम खर्च में आसानी से सफर कर सकेंगे।

महिलाओं को मिलेगा मुफ्त सफर का लाभ

राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के लिए शुरू की गई मुफ्त बस यात्रा योजना का लाभ अब इस ग्रामीण रूट पर भी मिलेगा। गांव से ही मुफ्त सरकारी बस सेवा मिलने की घोषणा से स्थानीय महिलाओं और ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। आमता विधानसभा क्षेत्र के विधायक अमित सामंत की उपस्थिति में कुलिया से इस बस सेवा को हरी झंडी दिखाई गई। विधायक ने बताया कि उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान इस सीमांत क्षेत्र को शहर से जोड़ने का जो वादा किया था, उसे आज पूरा कर दिया गया है।

इन क्षेत्रों के लोगों को होगा सीधा फायदा

हावड़ा जिले के पश्चिमी छोर पर स्थित आमता के कुलिया से बस सेवा शुरू होने के कारण अब कोलकाता और हावड़ा शहर पहुंचना बेहद सुगम हो गया है। इससे हावड़ा के एकमात्र द्वीप क्षेत्र 'भाटोरा' के लोगों के साथ-साथ हुगली और मेদিনীपुर के सीमावर्ती इलाकों के निवासियों को भी सीधा लाभ मिलेगा। फिलहाल इस रूट पर एक बस से शुरुआत की गई है, लेकिन आने वाले समय में बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी और इस रूट का विस्तार हावड़ा से बढ़ाकर धर्मतल्ला (कोलकाता) तक किया जाएगा।

बस का रूट और समय-सारणी (Time Table)

यह सरकारी बस आमता के कुलिया से रवाना होकर रानीहाटी-आमता रोड, 16 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-16) और बेलेपोल होते हुए हावड़ा पहुंचेगी। वापसी में भी बस इसी मार्ग से लौटेगी।

  • कुलिया से छूटने का समय: सुबह 08:00 बजे और शाम 08:00 बजे।

  • हावड़ा से छूटने का समय: सुबह 05:15 बजे और शाम 05:00 बजे।

विधायक अमित सामंत ने कहा कि इससे पहले जनता की मांग पर झिकिरा-हावड़ा बस सेवा शुरू की गई थी और अब कुलिया-हावड़ा सेवा की शुरुआत की गई है, क्योंकि बेहतर कनेक्टिविटी ही क्षेत्र के विकास की असली चाबी है।

SCROLL FOR NEXT