टॉप न्यूज़

बंगाल में उद्योगीकरण का नया माहौल तैयार : मंत्री

सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर पर जोर

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : राज्य भाजपा के उपाध्यक्ष एवं उद्योग मंत्री तापस राय ने गुरुवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में मतदाता सूची, उद्योगीकरण, निवेश, कानून-व्यवस्था और हाल की घटनाओं को लेकर सरकार का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने मतदाता सूची से संबंधित एक राष्ट्रीय समाचार माध्यम की रिपोर्ट को भ्रामक बताते हुए कहा कि वास्तविक आंकड़ों को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने बताया कि कुल 38.10 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं, लेकिन अब तक केवल 82,782 आवेदनों का निपटारा हुआ है। इनमें से 75,443 लोगों के नाम दोबारा मतदाता सूची में शामिल किए गए हैं। SIR के बाद 27.28 लाख हटाए गए मतदाताओं की तुलना में यह संख्या मात्र 2.77 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि अब भी 37 लाख से अधिक आवेदन लंबित हैं, ऐसे में निपटाए गए आवेदनों के आंकड़े को पूरी तस्वीर के रूप में प्रस्तुत करते हुए 91% नामों की पुनर्बहाली का दावा करना पूरी तरह अनुचित और भ्रामक है। उन्होंने मीडिया से आग्रह किया कि मतदाता सूची जैसे महत्वपूर्ण विषय पर वास्तविक तथ्यों और आंकड़ों के आधार पर ही समाचार प्रकाशित किए जाएं।

उद्योग मंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल में लंबे औद्योगिक गतिरोध को समाप्त कर निवेश का नया वातावरण तैयार किया जा रहा है। औद्योगिक नीति, लैंड बैंक, लैंड पॉलिसी, इंसेंटिव स्कीम और सिंगल विंडो व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका, दुबई, इंग्लैंड, जर्मनी, सिंगापुर, जापान सहित कई देशों के उद्योग जगत ने बंगाल में निवेश में रुचि दिखाई है। सेमीकंडक्टर हब, डेटा सेंटर, आईटी और आधुनिक विनिर्माण को बढ़ावा देने की योजना है। उन्होंने बताया कि बंगाल में निवेश की संभावनाओं को लेकर अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक जगत में पहले से ही पर्याप्त रुचि उत्पन्न हुई है।

अमेरिका, दुबई, इंग्लैंड, आयरलैंड, ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी, सिंगापुर और जापान—मित्सुबिशी सहित विभिन्न देशों के उद्योगपतियों और राजनयिक प्रतिनिधियों ने राज्य में निवेश को लेकर रुचि व्यक्त की है। रंगदारी और सिंडिकेट राज पर उन्होंने ‘Zero Tolerance’ नीति दोहराते हुए कहा कि राजनीतिक पहचान की परवाह किए बिना दोषियों पर कार्रवाई होगी। जादवपुर विश्वविद्यालय की घटना की निंदा करते हुए उन्होंने राष्ट्रीय एकता और संप्रभुता के खिलाफ किसी भी प्रयास को अस्वीकार्य बताया। वहीं, प्रशासनिक कार्य में बाधा डालने वालों पर कानूनी कार्रवाई की बात कही। सामाजिक सद्भाव के लिए राज्य में 4,000 से अधिक स्थानों पर राखी बंधन उत्सव आयोजित करने की भी जानकारी दी।

SCROLL FOR NEXT