चंद्र बोस मंत्री ब्रात्य बसु और सांसद कीर्ति आजाद की उपस्थिति में सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल में शामिल हुए  
टॉप न्यूज़

नेताजी के परिवार के सदस्य चंद्र बोस तृणमूल में शामिल

‘‘भाजपा में रहते हुए नेताजी के आदर्शों का पालन करना संभव नहीं है’’

कोलकाता : महान स्वतंत्रता सेनानी सुभाष चंद्र बोस के पड़पोते और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व नेता चंद्र बोस रविवार को तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए। चंद्र बोस ने यह कदम पश्चिम बंगाल विधानसभा के लिए होने वाले मतदान से पहले उठाया है। बोस ने राज्य सरकार के मंत्री ब्रात्य बसु और तृणमूल कांग्रेस सांसद कीर्ति आजाद की उपस्थिति में सत्तारूढ़ पार्टी में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ‘विभाजनकारी राजनीति’ में संलिप्त है और महान स्वतंत्रता सेनानी के आदर्शों का पालन नहीं करती है। चंद्र बोस ने जोर देकर कहा,भाजपा में रहकर नेताजी के सिद्धांतों पर चल पाना मुमकिन नहीं है।

तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने के तुरंत बाद उन्होंने कहा, ‘‘आज हम देख रहे हैं कि भाजपा विभाजनकारी राजनीति में लिप्त है और सांप्रदायिक नफरत फैला रही है। अब हमें भारत को बचाने और विभाजनकारी राजनीति का विरोध करने के लिए लड़ना होगा।’’चंद्र बोस 2016 में भाजपा में शामिल हुए थे और उसी वर्ष उन्होंने भवानीपुर से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन विफल रहे। पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा जबकि मतगणना के लिए चार मई की तारीख तय की गई है।

SCROLL FOR NEXT