ऊर्जा, जलविद्युत, रेलवे, संपर्क,बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर रहेगा जोर
नयी दिल्ली : नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह रविवार शाम अपनी पहली आधिकारिक भारत यात्रा पर नयी दिल्ली पहुंचे। मार्च में प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद यह उनका पहला भारत दौरा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री के बीच सोमवार को होगी, जिसमें ऊर्जा, जलविद्युत, रेलवे, संपर्क और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना प्रमुख मुद्दे रहने की संभावना है।
राष्ट्रपति भवन में होगा औपचारिक स्वागत
प्रधानमंत्री शाह का सोमवार को राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया जायेगा। वे राजघाट जाकर महात्मा गांधी की समाधि पर श्रद्धांजलि भी देंगे। इसके बाद मोदी और बालेन शाह की द्विपक्षीय बैठक होगी। इसके बाद दोनों नेता भगवान राम के जन्मस्थान अयोध्या और नेपाल में देवी सीता के जन्मस्थान जनकपुरधाम के बीच चलने वाली नयी ट्रेन का उद्घाटन करेंगे।शाह ने नयी दिल्ली पहुंचने पर शाम को विदेशमंत्री एस जयशंकर से मुलाकात की।
चीन के बजाय भारत को तरजीह दी
बालेंद्र शाह नयी दिल्ली पहुंचने पर वाणिज्य एवं उद्योग राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने उनकी अगवानी की। प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर भारत आये शाह की यह यात्रा सोमवार को ही समाप्त होगी। नेपाली प्रधानमंत्री का भारत दौरा इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि उन्होंने अपनी पहली आधिकारिक द्विपक्षीय विदेश यात्रा के लिए चीन के बजाय भारत को चुना है। गौरतलब है पिछले कुछ समय से नेपाल चीन के करीब जाता दिखाई दे रहा था। लेकिन नेपाल में हाल ही में आयी विनाशकारी बाढ़ के दौरान भारत ने मदद के लिए आगे आकर राहत सामग्री, राशन और मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध करायीं। इसके बाद भारत के प्रति नेपाल का रुख फिर सकारात्मक होता दिख रहा है। बालेन शाह का भारत दौरा इसी बदलाव का संकेत माना जा रहा है।
साथ आया है 34 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल
बालेन शाह नेपाल एअरलाइंस की नियमित उड़ान से भारत पहुंचे। उनके साथ 34 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी आया है, जिसमें उनके मुख्य सलाहकार कुमार ब्यानजंकर, वित्तमंत्री स्वर्णिम वागले और विदेशमंत्री शिशिर खनाल शामिल हैं। प्रधानमंत्री के प्रतिनिधिमंडल के साथ कारोबारियों का एक अलग दल भी भारत आया है। बालेन शाह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे।
इन मुद्दों पर होगी चर्चा
मेजबान और मेहमान प्रधानमंत्रियों के बीच होने वाली बातचीत में द्विपक्षीय संबंधों के सभी प्रमुख पहलुओं पर चर्चा होने की उम्मीद है। खासतौर पर व्यापार, ट्रांजिट, ऊर्जा, निवेश और सीमा पार संपर्क सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर रहेगा। नेपाल के विदेश मंत्रालय के अनुसार इस यात्रा के दौरान ऊर्जा सहयोग से जुड़ी कई परियोजनाओं का उद्घाटन किया जा सकता है। इसके अलावा कुछ नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखे जाने की तैयारी है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, अंतरिक्ष, आपदा प्रबंधन और मानव संसाधन विकास से जुड़े कई समझौता ज्ञापनों (MoU) का आदान-प्रदान भी होना है।
हफ्ते में एक दिन ट्रेन, 604 किमी का सफर
अयोध्या से जनकपुरधाम तक चलने वाली यह ट्रेन 604 किलोमीटर का सफर तय करेगी। ट्रेन के प्रमुख स्टॉपेज में अयोध्या धाम, गोरखपुर, बस्ती, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, मधुबनी और जयनगर शामिल हैं। यह ट्रेन हफ्ते में एक दिन चलेगी। जनकपुरधाम से हर शनिवार और अयोध्या कैंट से हर सोमवार को रवाना होगी। इससे भारत में भगवान राम की जन्मभूमि और नेपाल में माता सीता की जन्मभूमि के बीच सीधा रेल संपर्क बनेगा।