NEET परीक्षा 2026 रद्द सांकेतिक चित्र इंटरनेट से साभार
टॉप न्यूज़

NEET परीक्षा 2026 रद्द

22 लाख छात्रों ने दिया था एग्जाम

NEET-UG 2026 परीक्षा को लेकर बड़ा और महत्वपूर्ण फैसला लिया गया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 मई 2026 को आयोजित परीक्षा को रद्द करने की घोषणा की है। एजेंसी ने यह निर्णय केंद्र सरकार की मंजूरी और केंद्रीय जांच एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर लिया है, ताकि परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और विश्वसनीयता को बनाए रखा जा सके।

दोबारा होगा पेपर

NTA ने कहा कि जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों की रिपोर्ट से यह स्पष्ट हुआ कि मौजूदा परीक्षा प्रक्रिया को जारी रखना उचित नहीं होगा। ऐसे में अब NEET-UG 2026 की परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी। नई परीक्षा तारीखों और एडमिट कार्ड से जुड़ा शेड्यूल जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट के जरिए जारी किया जाएगा।

सीबीआई करेगी मामले की जांच

इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार ने इसे केंद्रीय जांच ब्यूरो को सौंपने का निर्णय लिया है। एजेंसी ने कहा है कि वह सीबीआई को हर तरह का सहयोग देगी और जांच के लिए जरूरी सभी दस्तावेज और रिकॉर्ड उपलब्ध कराएगी।

एनटीए ने यह भी साफ किया कि यह फैसला छात्रों के हित को ध्यान में रखकर लिया गया है। परीक्षा रद्द होने से छात्रों और उनके परिवारों को होने वाली परेशानियों को एजेंसी ने स्वीकार किया, लेकिन कहा कि लंबे समय तक भरोसा कायम रखना इससे ज्यादा जरूरी है।

दोबारा नहीं करना होगा रजिस्ट्रेशन

छात्रों के लिए राहत की बात यह है कि उन्हें दोबारा रजिस्ट्रेशन नहीं करना होगा। मई 2026 परीक्षा चक्र का पूरा डेटा- जिसमें उम्मीदवारों की जानकारी और चुने गए परीक्षा केंद्र शामिल हैं, जैसे का तैसा रखा जाएगा। इसके अलावा, किसी भी तरह की अतिरिक्त फीस नहीं ली जाएगी और पहले से जमा परीक्षा शुल्क वापस किया जाएगा।

एनटीए ने पेरेंट्स से क्या अपील की

एनटीए ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें और सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट खबरों से बचें। इस फैसले के साथ ही NEET-UG 2026 विवाद ने बड़ा मोड़ ले लिया है। अब सभी की निगाहें नई परीक्षा तारीखों और सीबीआई जांच के निष्कर्षों पर टिकी हैं, जो इस पूरे मामले की सच्चाई सामने लाएंगे।

SCROLL FOR NEXT