वेस्ट बंगाल रेडियो क्लब (WBRC) ने राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की दूसरी बटालियन के कमांडेंट मनीष रंजन को संस्था की आजीवन मानद सदस्यता प्रदान की 
टॉप न्यूज़

NDRF के कमांडेंट मनीष रंजन को वेस्ट बंगाल रेडियो क्लब की आजीवन मानद सदस्यता

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : आपदा प्रबंधन और संचार व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए वेस्ट बंगाल रेडियो क्लब (WBRC) ने राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की दूसरी बटालियन के कमांडेंट मनीष रंजन को संस्था की आजीवन मानद सदस्यता (Lifetime Honorary Membership) प्रदान की है।

नदिया जिले के जागुली में आयोजित एक विशेष बैठक के दौरान उन्हें यह सम्मान सौंपा गया। इस बैठक में केवल सदस्यता प्रदान करने तक ही बात सीमित नहीं रही, बल्कि आगामी दिनों में किसी भी आपदा के समय त्वरित व प्रभावी समन्वय स्थापित करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। दोनों संस्थाओं के बीच संयुक्त मॉक ड्रिल (संयुक्त महाड़ा), आपातकालीन प्रशिक्षण और 'ऑफ-रोडिंग' जैसे तकनीकी व व्यावहारिक विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

आपदा प्रबंधन पर हुई अहम चर्चा

इस महत्वपूर्ण सभा में वेस्ट बंगाल रेडियो क्लब के कार्यकारिणी सदस्यों के साथ-साथ 'इंडियन एकेडमी ऑफ कम्यूनिकेशन एंड डिजास्टर मैनेजमेंट' के अनुभवी प्रशिक्षक भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

वेस्ट बंगाल रेडियो क्लब के सचिव अमबरीश नाग बिस्वास ने बताया कि NDRF और हैम रेडियो (रेडियो क्लब) का यह आपसी समन्वय और संयुक्त प्रयास आने वाले समय में आपदा के दौरान लोगों की जान-माल की रक्षा करने में मील का पत्थर साबित होगा।

SCROLL FOR NEXT