टॉप न्यूज़

41वें स्थापना दिवस पर NCB का संदेश: नशे से दूरी ही है सुरक्षा की गारंटी

दुर्गापुर में जागरूकता कार्यक्रम, नशा विरोधी शपथ के साथ युवाओं ने लिया संकल्प

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : गृह मंत्रालय के अधीन कार्यरत देश की प्रमुख मादक पदार्थ कानून प्रवर्तन एजेंसी, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने 17 मार्च को अपना 41वां स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के दुरुपयोग के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से दुर्गापुर स्थित NSHM नॉलेज कैंपस के सहयोग से एक विशेष युवा सहभागिता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना, नशामुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देना तथा संस्थागत सहयोग को सुदृढ़ करना था। कार्यक्रम की शुरुआत NSHM कैंपस दुर्गापुर के निदेशक प्रो. डॉ. आलोक सत्संगी के स्वागत भाषण से हुई। इसके बाद नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, कोलकाता के पूर्वी क्षेत्र के उप महानिदेशक हितेश गोदारा (IRS) ने उद्घाटन भाषण दिया। उन्होंने नशे के मनोवैज्ञानिक, सामाजिक और कानूनी दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इसके पश्चात कोलकाता पुलिस के पूर्वी क्षेत्र के उप पुलिस आयुक्त अभिषेक गुप्ता (IPS) ने समाज पर नशे के प्रभाव और इसके खिलाफ पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाइयों की जानकारी दी। नशा मुक्त भारत अभियान से जुड़े विशेषज्ञ देबाशीष मुखर्जी ने नशे की रोकथाम, शुरुआती संकेतों की पहचान, उपचार और उपलब्ध सहायता प्रणालियों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशे की लत केवल एक बुरी आदत नहीं, बल्कि एक गंभीर चिकित्सीय स्थिति है, जिसका समय पर उपचार संभव है। कार्यक्रम में एक नशामुक्त हो चुके व्यक्ति ने भी अपने अनुभव साझा किए और बताया कि नशे से बाहर निकलना कठिन जरूर है, लेकिन असंभव नहीं। उन्होंने समस्या को स्वीकार करने, पेशेवर सहायता लेने और मजबूत सामाजिक समर्थन की आवश्यकता पर बल दिया। इस दौरान उपस्थित युवाओं ने ‘एंटी-ड्रग प्लेज’ लेकर नशामुक्त रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ी और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।

आरआरयू के साथ सहयोग से राष्ट्रीय स्तर पर पहल मजबूत

इसी अवसर पर NCB ने राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट शिक्षा और प्रशिक्षण प्रदान करने वाली संस्था राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय (RRU) के साथ भी सहयोग को सुदृढ़ किया। गृह मंत्रालय के अंतर्गत आने वाली यह संस्था पुलिसिंग, आंतरिक सुरक्षा और कानून प्रवर्तन के क्षेत्र में अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देती है। दोनों संस्थाओं के बीच हुए समझौते के तहत नशे के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाने, अनुसंधान, प्रशिक्षण और जन-जागरूकता कार्यक्रमों को विस्तार देने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के अंत में यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। NCB के नेतृत्व में आयोजित यह पहल युवाओं को जागरूक करने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।

SCROLL FOR NEXT