टॉप न्यूज़

निकोबारी होम की बदहाल स्थिति पर कांग्रेस ने जताई चिंता

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : अंडमान एवं निकोबार प्रादेशिक कांग्रेस समिति के अभियान समिति के अध्यक्ष भास्कर ने श्री विजयापुरम के साउथ पॉइंट स्थित निकोबारी होम की जर्जर स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की है और उसके तत्काल नवीनीकरण, रखरखाव एवं आधारभूत संरचना के विकास के लिए प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है।

मुख्य सचिव, अंडमान एवं निकोबार प्रशासन को संबोधित पत्र में श्री भास्कर ने कहा है कि उन्होंने सितंबर 2025 में पोर्ट ब्लेयर स्थित निकोबारी समुदाय से मुलाकात की थी, जहाँ समुदाय के सदस्यों ने बिजली, रखरखाव और मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर गंभीर चिंताएँ व्यक्त कीं। उन्होंने मुख्य सचिव का आभार व्यक्त किया कि उन्होंने स्वयं निकोबारी होम का दौरा कर समुदाय की समस्याएँ सुनीं।

श्री भास्कर ने लिखा है कि निकोबारी होम केवल एक आवासीय सुविधा नहीं है, बल्कि यह निकोबारी समुदाय की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। यह पोर्ट ब्लेयर में चिकित्सा उपचार के लिए आने वाले निकोबार समूह के मरीजों और उनके परिजनों के लिए एक महत्वपूर्ण सहायक केंद्र है। इसके अलावा, यह समुदायिक बैठकों और किसी सदस्य के निधन पर शोक सभाओं के आयोजन का भी मुख्य स्थल है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में यह भवन अत्यंत जीर्ण-शीर्ण अवस्था में है और इसके संरक्षण के लिए तत्काल मरम्मत, नवीनीकरण और रखरखाव की आवश्यकता है ताकि इसकी कार्यक्षमता और गरिमा बनी रहे।

श्री भास्कर ने सुझाव दिया कि परिसर में रेफर मरीजों के लिए कमरा, शवगृह, भंडार गृह और ताबूत निर्माण शेड जैसी सुविधाओं का भी विकास किया जाना चाहिए।

पत्र में उन्होंने मुख्य सचिव से अनुरोध किया है कि इन आवश्यक कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाए ताकि परिसर सुरक्षित और आगंतुकों के लिए अनुकूल बना रहे।

उन्होंने अंत में कहा कि वे प्रशासन के निरंतर सहयोग और निकोबारी समुदाय के कल्याण के प्रति चिंता के लिए आभारी हैं तथा उम्मीद करते हैं कि प्रशासन इस दिशा में जल्द ठोस कदम उठाएगा।

SCROLL FOR NEXT