सांकेतिक 
टॉप न्यूज़

नौसेना के प्रशिक्षु ने पाकिस्तान को मुहैया कराये 90 वीडियो रिकॉर्ड!

इंस्टाग्राम अकाउंट, वॉट्सऐप नंबर के जरिये पाकिस्तानी एजेंटों के संपर्क में आया

Lokendra Bahuguna

मुंबई : जासूसी के आरोप में गिरफ्तार 21 वर्षीय नौसना गोदी अप्रेंटिस ने कथित तौर पर इस प्रमुख मरम्मत और जहाज निर्माण केंद्र के संवेदनशील प्रतिष्ठानों के लगभग 90 वीडियो रिकॉर्ड किये थे। उसने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों के संदिग्ध लोगों के साथ समूह कॉल में भी हिस्सा लिया था।

अभियुक्त पुलिस हिरासत में

पुलिस ने सोमवार को एक स्थानीय अदालत में सुनवाई के दौरान यह जानकारी दी। इसी के साथ पुलिस ने उसकी हिरासत अवधि बढ़ाने का अनुरोध किया। अभियुक्त की पहचान मुंबई के कोलाबा इलाके के बड़वार पार्क निवासी बंटी रामप्रकाश मीणा के रूप में हुई है। उसे पिछले हफ्ते भारतीय न्याय संहिता (BNS), सरकारी गोपनीयता अधिनियम और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने मीणा की हिरासत अवधि बढ़ाने का अनुरोध करते हुए दावा किया कि वह कथित तौर पर ‘नट्टू3’ नाम के एक इंस्टाग्राम अकाउंट और एक वॉट्सऐप नंबर के यूजर्स के संपर्क में आया था और आशंका है कि उन अकाउंट को पाकिस्तानी खुफिया एजेंट चला रहे थे।

गोदी और जहाज निर्माण केंद्र के वीडियो दुश्मनों को दिये

पुलिस ने दावा किया कि उसने कथित तौर पर नौसेना गोदी के भीतर संवेदनशील प्रतिष्ठानों के लगभग 90 वीडियो रिकॉर्ड किये और पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों के संदिग्ध लोगों के साथ ग्रुप कॉल में हिस्सा लिया। पुलिस ने आशंका जतायी कि कुछ लोगों ने जहाज के रखरखाव वाली कंपनियों के कर्मचारी बनकर, यहां स्थित नौसेना गोदी में आने वाले नौसैनिक जहाजों के बारे में जानकारी मांगी होगी।

मीणा के संपर्कों, संभावित वित्तीय लेन-देन की जांच

पुलिस ने बताया कि अब वह मीणा के संपर्कों, बातचीत, संभावित वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है, और यह भी पता लगा रही है कि क्या कथित जासूसी नेटवर्क में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था। मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जांचकर्ता कथित ग्रुप कॉल में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और संदिग्ध सूचना-साझाकरण नेटवर्क के दायरे का पता लगाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।

SCROLL FOR NEXT