पहली बार वोट देने वालों को जोड़ने का अभियान
सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : अंडमान तथा निकोबार द्वीपसमूह केंद्र शासित प्रदेश की राजधानी स्तर पर राष्ट्रीय मतदाता दिवस पदयात्रा 2026 का आयोजन 25 जनवरी, 2026 (रविवार) को श्री विजयपुरम में किया जाएघा। भारत सरकार के युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय के अधीन माई भारत के तत्वावधान में इसका आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देना, नैतिक निर्वाचन सहभागिता को प्रोत्साहित करना तथा पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना है। राष्ट्रीय मतदाता दिवस प्रत्येक वर्ष 25 जनवरी को भारत के निर्वाचन आयोग के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य नागरिकों, विशेष रूप से युवाओं और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना तथा जागरूक और नैतिक मतदान के महत्व को सुदृढ़ करना है। अंडमान तथा निकोबार द्वीपसमूह केंद्र शासित प्रदेश के श्री विजयपुरम में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7 बजे फ्लैग प्वाइंट पर प्रतिभागियों के एकत्र होने से होगी, जिसके पश्चात सुबह 7.30 बजे पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। इस अवसर पर अण्डमान तथा निकोबार द्वीपसमूह के सांसद बिष्णुपद राय मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।
पदयात्रा का मार्ग इस प्रकार रहेगा
फ्लैग प्वाइंट, साउथ प्वाइंट, आरकेएम जंक्शन, गर्ल्स स्कूल जंक्शन, नारायण चौक, घंटा घर (टर्न), सेल्यूलर जेल, वीर सावरकर पार्क में समापन। इस कार्यक्रम में माई भारत तथा उच्च शिक्षण संस्थानों के एनएसएस स्वयंसेवकों सहित लगभग 500 युवा स्वयंसेवकों के भाग लेने की संभावना है। विशेष रूप से पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं की सहभागिता पर ज़ोर दिया जा रहा है, जो मतदाता वर्ग का एक महत्वपूर्ण और गतिशील हिस्सा हैं। मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत सभी प्रतिभागी पदयात्रा के दौरान तख्तियों पर मतदाता जागरूकता संबंधी नारे प्रदर्शित करेंगे। इसके साथ ही एक नारा लेखन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें सर्वोत्तम तीन नारों को निर्धारित दिशानिर्देशों के अनुसार ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम में मतदाता जागरूकता संदेश, शपथ ग्रहण समारोह, पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं का सम्मान तथा युवा स्वयंसेवकों के साथ संवाद भी शामिल होगा। नए मतदाताओं के पंजीकरण तथा निर्वाचन विवरण के अद्यतन को सुगम बनाने के लिए कार्यक्रम के दौरान निर्वाचन तंत्र के समन्वय से मतदाता सुविधा एवं जागरूकता सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। पात्र युवा, विशेषकर पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने, अपने विवरणों का सत्यापन एवं संशोधन करने तथा मतदाता पंजीकरण प्रक्रिया से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। पूरा कार्यक्रम मुख्य नारे ‘‘मेरा भारत-मेरा वोट’’ के साथ आयोजित किया जाएगा। यहां जारी विज्ञप्ति में श्री विजयपुरम तथा अण्डमान तथा निकोबार द्वीपसमूह केंद्र शासित प्रदेश के सभी नागरिकों, विशेष रूप से युवाओं और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं को राष्ट्रीय मतदाता दिवस पदयात्रा में भाग लेकर एक सशक्त, समावेशी एवं सहभागी लोकतांत्रिक समाज के निर्माण में योगदान देने के लिए सादर आमंत्रित किया गया है।