हेलीकॉप्टर सेवा की गुणवत्ता पर उठे सवाल
सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : हाल ही में मायाबंदर क्षेत्र में हुए पवन हंस हेलीकॉप्टर हादसे के बाद घायल 66 वर्षीय सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापिका नंबी अम्मा को जी.बी. पंत अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। घटना के बाद राजनीतिक प्रतिनिधियों ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान अंडमान एवं निकोबार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रंगलाल हलदर ने प्रशासन और स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर सवाल उठाए। हलदर ने कहा, “24 तारीख को जब यह हादसा हुआ था, तब प्रारंभिक सूचना मिली थी कि सभी यात्री सुरक्षित हैं। लेकिन दो दिनों बाद जब नंबी अम्मा जी के निधन की खबर मिली, यह अत्यंत दुखद है। हम परिजनों से मिलकर आए हैं। हमारी जानकारी के अनुसार यह मेडिकल व्यवस्था की कमी का परिणाम है। मायाबंदर जिला अस्पताल से समय पर उचित सुविधा और संसाधन उपलब्ध नहीं कराए गए। उन्होंने एंबुलेंस व्यवस्था पर भी प्रश्न उठाते हुए कहा, “एक गंभीर मरीज को लाने के लिए तीन-तीन एंबुलेंस बदलनी पड़ी। एक जिला अस्पताल में यदि समुचित एंबुलेंस और विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध नहीं हैं, तो यह चिंताजनक स्थिति है।” हेलीकॉप्टर सेवा पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा, “25-30 साल पुराने हेलीकॉप्टर अब भी सेवा दे रहे हैं। यदि इन्हें चलाया जा रहा है तो उनका रखरखाव और सुरक्षा सर्वोच्च स्तर का होना चाहिए। प्रशासन को नई हेलीकॉप्टर सेवा की व्यवस्था करनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि दिवंगत नंबी अम्मा के परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। “जान की भरपाई नहीं हो सकती, लेकिन परिवार के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए उचित मुआवजा दिया जाना चाहिए,” उन्होंने कहा।
अंत में हलदर ने नंबी अम्मा की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए प्रशासन से स्वास्थ्य एवं परिवहन सेवाओं में ठोस सुधार की मांग की।