निधि, सन्मार्ग संवाददाता
नैहाटी : नैहाटी और बैरकपुर औद्योगिक क्षेत्र में सांसद पार्थ भौमिक की तस्वीर वाले पोस्टरों के सामने आने से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। पोस्टरों पर "गद्दार पार्थ भौमिक से सावधान" जैसे संदेश लिखे गए हैं, जिन्हें लेकर पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है। हालांकि पोस्टर किसने लगाए, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
इस मामले पर तृणमूल कांग्रेस के बैरकपुर संगठनात्मक जिला अध्यक्ष अमित गुप्ता ने कहा कि उन्हें नहीं पता पोस्टर किसने लगाए, लेकिन यदि किसी ने पार्थ भौमिक को "गद्दार" लिखा है तो वह गलत नहीं है। उनका आरोप है कि ममता बनर्जी ने उन्हें मंत्री, सांसद और संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दीं, इसके बावजूद उन्होंने साथ नहीं दिया। यही नहीं उन्होंने बैरकपुर की जनता के साथ भी कहीं ना कहीं विश्वासघात किया है।
वहीं भाजपा के बैरकपुर संगठनात्मक जिला उपाध्यक्ष प्रियांगु पांडेय ने कहा कि पोस्टर लगाने की राजनीति तृणमूल की संस्कृति रही है। उन्होंने पोस्टर लगाने वालों से रात के अंधेरे की बजाय खुले तौर पर सामने आने की चुनौती दी। सीपीएम की राज्य समिति सदस्य गर्गी चट्टोपाध्याय ने भी कहा कि पार्थ भौमिक क्षेत्र में कम और दिल्ली में अधिक दिखाई देते हैं। उन्होंने पोस्टरों में लिखे "गद्दार" शब्द को उचित बताते हुए राजनीतिक टिप्पणी की। फिलहाल पोस्टरों को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है, जबकि पोस्टर लगाने वालों की पहचान अब तक सामने नहीं आई है।