भुवनेश्वर/रायगड़ा : नगालैंड में ड्यूटी के दौरान गोली लगने से 15वीं असम राइफल्स के राइफलमैन वी. तेजा की मौत हो गई। ओडिशा के रायगड़ा जिले के रहने वाले तेजा की उम्र 31 वर्ष थी और उनकी मौत उनके 31वें जन्मदिन से महज दो दिन पहले हुई। घटना की जानकारी मिलने के बाद उनके परिवार और पूरे रायगड़ा जिले में शोक की लहर है। अधिकारियों के मुताबिक, तेजा को सोमवार को ड्यूटी के दौरान गोली लगी थी। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के कारणों और परिस्थितियों को लेकर संबंधित अधिकारियों की ओर से जांच की जा रही है। वी. तेजा के परिवार के लिए यह हादसा बेहद पीड़ादायक है। सूत्रों के अनुसार, तेजा की शादी आगामी 10 दिसंबर को होने वाली थी। परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था, लेकिन इससे पहले ही उनके निधन की खबर आ गई। तेजा के असामयिक निधन से उनके पैतृक क्षेत्र रायगड़ा में भी शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों और परिचितों ने उन्हें देश की सेवा में समर्पित जवान के रूप में याद करते हुए परिवार के प्रति संवेदना जताई है।
मुख्यमंत्री ने बताया सर्वोच्च बलिदान
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने तेजा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि नगालैंड में ड्यूटी पर तैनात 15वीं असम राइफल्स के बहादुर सैनिक राइफलमैन वी. तेजा के असामयिक निधन की खबर से उन्हें गहरा दुख हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृभूमि की सेवा में तेजा का सर्वोच्च बलिदान और समर्पण हमेशा लोगों की स्मृतियों में अंकित रहेगा। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए भगवान श्री जगन्नाथ से दिवंगत जवान की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
नवीन पटनायक ने भी जताया दुख
ओडिशा विधानसभा में विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भी तेजा के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि असम राइफल्स के उड़िया सैनिक वी. तेजा ने जो बहादुरी दिखाई, वह अतुलनीय है। पटनायक ने कहा कि तेजा ने नगालैंड में देश की रक्षा के लिए चलाए जा रहे अभियानों के दौरान अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने जवान के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उनके बलिदान को याद किया।
बुधवार को रायगड़ा पहुंच सकता है पार्थिव शरीर
अधिकारियों के अनुसार, वी. तेजा का पार्थिव शरीर बुधवार को उनके गृह जिले रायगड़ा लाए जाने की संभावना है। इसके बाद पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किए जाने की तैयारी है। 31वें जन्मदिन से ठीक पहले ड्यूटी के दौरान तेजा की मौत और शादी से महज दो महीने पहले उनके निधन ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। देश की सेवा के दौरान जान गंवाने वाले तेजा के बलिदान को ओडिशा सरकार और राजनीतिक नेतृत्व ने श्रद्धांजलि दी है।