सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

इलाज में लापरवाही से नवजात की मौत का आरोप

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

नदिया: पश्चिम बंगाल के नदिया जिले स्थित कृष्णनगर सदर अस्पताल में इलाज में लापरवाही के कारण एक नवजात शिशु की मौत का गंभीर आरोप लगा है। वहीं प्रसूता की हालत भी बेहद नाजुक बनी हुई है। इस घटना के सामने आते ही अस्पताल परिसर में भारी तनाव फैल गया और पीड़ित परिवार तथा सुरक्षाकर्मियों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस ने मौके पर पहुँचकर स्थिति को संभाला।

मिली जानकारी के अनुसार, भीमपुर थाना क्षेत्र के कुलगाछी पानसीपारा निवासी अंकिता साधुखाँ नामक गर्भवती महिला को कुछ दिन पहले सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि महिला की हालत बिगड़ने पर उन्होंने बार-बार डॉक्टरों को सूचित किया, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। आज जब डॉक्टर ने सिजेरियन ऑपरेशन किया, तो परिजनों को नवजात की मौत की खबर दी गई।

प्रसूता की हालत गंभीर, अस्पताल में जमकर हंगामा

इस खबर से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। बाद में परिजन नवजात के शव को गोद में लेकर न्याय की मांग करते हुए शिकायत दर्ज कराने कोतवाली थाने पहुँचे। घटना को लेकर फिलहाल अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

SCROLL FOR NEXT