सन्मार्ग संवाददाता
नदिया : नदिया के धानतल्ला थाने की पुलिस ने बोहिरगाछी ग्राम पंचायत के कुलगाछी इलाके में कुछ लोगों की संदिग्ध गतिविधियों की खबर पाकर सोमवार को वहां अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने 5 बच्चों के साथ 10 बांग्लादेशी घुसपैठियों को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्तों के नाम, फरजाना मोल्ला, नाजमीन मोल्ला, अदारी मोल्ला, रिक्ता मोल्ला, साथी मोल्ला, राबिया मोल्ला, शमीम मोल्ला, मुराद मोल्ला, इकबाल मोल्ला, अजीम मोल्ला बताये गये हैं। सभी बांग्लादेश के विभिन्न जिलों से अवैध तरीके से घुसपैठ कर भारत में आये थे। उन्होंने प्राथमिक पूछताछ में पुलिस को बताया कि वे लोग लगभग एक साल पहले भारतीय दलालों की मदद से अवैध रूप से भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कर गये थे और यहां से वे गुजरात चले गये थे। सोमवार की सुबह वे अवैध रूप से बांग्लादेश लौटने के इरादे से धानतल्ला पुलिस थाना क्षेत्र में पहुंचे थे। पुलिस को उनके पास से कोई वैध भारतीय दस्तावेज नहीं मिले। अभियुक्तों को सोमवार को ही कोर्ट में पेश कर पुलिस ने हिरासत में लिया है।