सन्मार्ग संवाददाता
नदिया : तृणमूल कर्मी पर अपने ही सुरक्षा गार्ड पर गोली चलाने का आरोप लगा है। मामले में पुलिस ने अभियुक्त साजीजुल हक शा उर्फ मिठू को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से पुलिस ने बंदूक और कारतूस बरामद किये हैं। मिठू नदिया करीमपुर नंबर 2 ब्लॉक पंचायत समिति का उपाध्यक्ष है। राज्य पुलिस में कांस्टेबल रैंक का एक पुलिसकर्मी साजिजुल का सुरक्षा गार्ड था जिसने तृणमूल कर्मी पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। यह घटना रविवार की रात घटी। आरोप है कि नशे की हालत में मिठू अपने घर में घुसा और परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौज करने लगा। यहां तक कि उसने सुरक्षा गार्ड से भी बहस शुरू कर दी। झगड़ा रविवार की देर रात तक जारी रहा। इसके बाद सुरक्षा गार्ड ने जब उसे शांत करने की कोशिश की तो आरोप है कि अभियुक्त ने अपने निजी सुरक्षा गार्ड जहांगीर आलम पर सीधे गोली चला दी। हालांकि गोली घर के दरवाजे पर लगी। जहांगीर आलम किसी तरह बच गया। उसने थाने में जाकर घटना की शिकायत की। शिकायत पाकर थानापाड़ा पुलिस वहां पहुंची और अभियुक्त तृणमूल कर्मी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक उसके घर की तलाशी लेने 3 आग्नेयास्त्र और 8 राउंड गोलियां बरामद की गयीं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार मिठू ने करीब छह महीने पहले भी इसी तरह एक अन्य सुरक्षा गार्ड पर हमला किया था। पुलिस ने इसकी जांच कर रही है कि उसे यह बंदूक कहां से मिली।