सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

नवद्वीप में गोदाम में लगी भीषण आग

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

नवद्वीप: नबद्वीप के 24 नंबर वार्ड अंतर्गत तेघरीपाड़ा-झापानतला ईदिलपुर इलाके में शनिवार सुबह एक अवैध तेल गोदाम में लगी भीषण आग ने इलाके में भारी दहशत फैला दी। सुबह करीब 8:30 बजे लगी इस आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते गोदाम खाक हो गया। हालांकि, दमकल विभाग की कथित लापरवाही और मशीनों की तकनीकी खराबी ने स्थानीय निवासियों के गुस्से को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया।

दमकल की विफलता पर आक्रोश

स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के काफी देर बाद दमकल की पहली इंजन पहुंची। हद तो तब हो गई जब आधे घंटे तक इंजन चालू ही नहीं हो सका। जब चालू हुआ, तो उसके दो नोजल में से केवल एक ही काम कर रहा था। आग की भयावहता को देखते हुए कृष्णनगर से और इंजन मंगाए गए। अंततः कुल चार इंजनों की मदद से घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

अवैध भंडारण और लापरवाही की आशंका

इलाकावासियों का दावा है कि इस रिहायशी इलाके में अवैध रूप से भारी मात्रा में तेल जमा कर रखा गया था। आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चला है, लेकिन प्राथमिक अनुमान है कि किसी के द्वारा जलती हुई बीड़ी या सिगरेट फेंकने से यह हादसा हुआ होगा। प्रशासन अब इस अवैध गोदाम के मालिक की तलाश कर रहा है। घटना के चलते घंटों तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

SCROLL FOR NEXT