सांकेतिक फोटो  REP
टॉप न्यूज़

एनएच- 16 पर चार वाहनों की टक्कर में 6 घायल

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा के उलुबेरिया में एनएच-16 पर शुक्रवार की देर रात एक सड़क हादसा हो गया, जहां एक के बाद एक लगातार चार वाहन आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में कम से कम 6 लोग घायल हो गए हैं। हादसों की श्रृंखला में दो प्राइवेट कारें, एक लारी और ओड़िशा जा रही एक यात्री बस शामिल थी। मिली जानकारी के अनुसार उलुबेरिया के बीरशिबपुर इलाके के पास कोलाघाट की ओर जाने वाली लेन में एक प्राइवेट कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर रुक गई। दुर्घटना से बचने के लिए उसके पीछे आ रही दूसरी कार ने भी ब्रेक लगा दिए। तभी पीछे से तेज़ गति में आ रही एक लारी ने नियंत्रण खो दिया और खड़ी कार को जोरदार टक्कर मार दी। इसके तुरंत बाद, पीछे से आ रही ओड़िशागामी यात्री बस भी अनियंत्रित होकर रोड डिवाइडर पर चढ़ गई। टक्कर में कार सवार 6 यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही उलुबेरिया थाना पुलिस और राहत दल ने मौके पर पहुंचकर घायलों को निकाला और उलुबेरिया शरतचंद्र मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर सामान्य कराया गया।


SCROLL FOR NEXT