तिरुवनंपुरम : कांग्रेस की सहयोगी आईयूएमएल की छात्र शाखा, एमएसएफ ने शुक्रवार को 'केरल स्टोरी 2' के बहिष्कार का आह्वान किया, लेकिन फिल्म के विरोध में एसएफआई द्वारा आयोजित किए जा रहे 'बीफ फेस्ट' पर सवाल उठाया। मुस्लिम स्टूडेंट्स फेडरेशन (एमएसएफ) के राज्य महासचिव सी के नजफ ने इस आयोजन का विरोध किया और फेसबुक पोस्ट में कहा कि इससे हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंच सकती है।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के छात्र संगठन, स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) के प्रदेश अध्यक्ष एम शिवप्रसाद ने बताया कि जिला समिति, यहां मानवीयम विधि में शाम छह बजे उत्सव का आयोजन कर रही है, इसके प्रदेश अध्यक्ष एम शिवप्रसाद ने यह जानकारी दी। इसी पर सवाल उठाते हुए नजफ ने दावा किया कि इस तरह का आयोजन उन हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचा सकता है जो आरएसएस समर्थक नहीं हैं, लेकिन धार्मिक या व्यक्तिगत कारणों से गोमांस नहीं खाते हैं।
उन्होंने अपने पोस्ट में कहा, "हमें हिंदू समुदाय के उन लोगों का सम्मान करना चाहिए जो गोमांस नहीं खाते। आरएसएस का विरोध करने के लिए आम हिंदू श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाना भी अस्वीकार्य है।" यह मुद्दा इसलिए महत्वपूर्ण हो जाता है क्योंकि ट्रेलर के अनुसार, आगामी फिल्म 'केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड' में एक ऐसा दृश्य है जहां एक किरदार को जबरदस्ती गोमांस खिलाया जाता है। इसी के विरोध में एसएफआई गोमांस उत्सव का आयोजन कर रही है। इसके पहले भाग, 'द केरल स्टोरी' ने 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ निर्देशन और सर्वश्रेष्ठ छायांकन का पुरस्कार जीता था।