टॉप न्यूज़

सोशल मीडिया पर बिमान बोस की मॉर्फ्ड फोटो, कार्रवाई की मांग

कोलकाता : वाममोर्चा के चेयरमैन बिमान बोस की तस्वीर से छेड़छाड़ कर उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट किये जाने के आरोप में माकपा ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया है। मंगलवार को शमीक लाहिड़ी ने कोलकाता पुलिस आयुक्त के पास लिखित शिकायत दर्ज कराई। माकपा का आरोप है कि 80 वर्षीय बिमान बोस को लेकर सोशल मीडिया पर झूठा और भ्रामक पोस्ट फैलाया गया है। उनकी तस्वीर को विकृत किया गया है। मंगलवार को कोलकाता पुलिस कमिश्नर को भेजे गए शिकायत पत्र में कहा गया है कि ‘सौमेन भारतीय हालदार’ नामक एक फेसबुक उपयोगकर्ता की प्रोफाइल से यह तस्वीर पोस्ट की गई थी। तस्वीर में दिखाया गया है कि रामनवमी के अवसर पर निकाली गई रैली में वरिष्ठ वाम नेता नेतृत्व कर रहे हैं। फोटो में उन्हें ‘जय श्रीराम’ लिखे झंडे के साथ, गले में गेरुआ दुपट्टा डाले और हाथ में गदा लिए चलते हुए दिखाया गया है। माकपा ने आरोप लगाया है कि इस तरह की फर्जी तस्वीर राजनीतिक उद्देश्य से जानबूझकर फैलायी गई है। विधानसभा चुनाव से पहले समाज में हिंसा और नफरत फैलाने के इरादे से यह घृणित काम किया गया है। पार्टी का कहना है कि इस तरह के उकसावे वाले पोस्ट साइबर अपराध के दायरे में आते हैं और आरोपित को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की गई है।

SCROLL FOR NEXT