सांकेतिक फोटो  REP
टॉप न्यूज़

दावत खाते ही 100 से ज्यादा बीमार, दूल्हा-दुल्हन की भी बिगड़ी हालत

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बनगांव : उत्तर 24 परगना जिले के बागदा थाना अंतर्गत चँगा चांदपुर गांव में एक विवाह समारोह उस वक्त अफरा-तफरी में बदल गया, जब प्रीतिभोज का खाना खाने के बाद 100 से अधिक लोग बीमार पड़ गए। विडंबना यह रही कि इस जहरीले भोजन (Food Poisoning) के शिकार न केवल मेहमान हुए, बल्कि नए नवेले दूल्हा-दुल्हन को भी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

शादी की दावत बनी 'जहर'

मिली जानकारी के अनुसार, चँगा चांदपुर निवासी नारायण मुंडा की पुत्री खुकुमणि मुंडा का विवाह करंगा गांव के इंद्रजीत मुंडारी के साथ तय हुआ था। इंद्रजीत गाजे-बाजे के साथ बारात लेकर चांदपुर पहुँचे थे। रस्में और भोजन का कार्यक्रम सामान्य रूप से चल रहा था, लेकिन खाना खाकर घर लौटने के कुछ ही देर बाद मेहमानों को पेट दर्द, दस्त और सिर चकराने जैसी शिकायतें होने लगीं।

अस्पताल में मरीजों का तांता

हालत बिगड़ने पर बीमारों को आनन-फानन में बागदा ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के चिकित्सक सुदीप तालुकदार ने बताया कि अब तक कुल 84 मरीज अस्पताल पहुँच चुके हैं, जिनमें से 30 की स्थिति देखते हुए उन्हें भर्ती कर लिया गया है। एक मरीज की हालत गंभीर होने के कारण उसे बोनगांव महकमा अस्पताल रेफर किया गया है। स्थानीय पंचायत प्रधान सुमना मंडल और पंचायत समिति के पदाधिकारी परितोष साहा ने मौके पर पहुँचकर एम्बुलेंस और उपचार की व्यवस्था संभाली।

चिकित्सकों का प्राथमिक अनुमान है कि भोजन में किसी प्रकार के संक्रमण या विषाक्तता के कारण ऐसा हुआ है। खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए बारासात भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।

SCROLL FOR NEXT