रेटिंग एजेंसी मूडीज 
टॉप न्यूज़

मूडीज ने भारत की वृद्धि दर का अनुमान बढ़ाकर 7% किया

आर्थिक वृद्धि के समक्ष वैश्विक जोखिमों को लेकर भी चेताया

Ravi

नयी दिल्ली : रेटिंग एजेंसी मूडीज ने बुधवार को चालू वित्त वर्ष के लिए भारत की आर्थिक वृद्धि दर का अनुमान पहले के 6.5 प्रतिशत से बढ़ाकर 7 प्रतिशत कर दिया। एजेंसी ने कहा कि व्यापक आर्थिक गतिविधियों में तेजी, मजबूत खपत और ऊर्जा आपूर्ति के झटकों को झेलने की क्षमता से वृद्धि दर के अनुमान में यह बढ़ोतरी की गयी है।

मूडीज रेटिंग्स ने अपनी ‘वैश्विक व्यापक परिदृश्य 2027-28’ रिपोर्ट में इस बात को लेकर आगाह भी किया कि निकट अवधि में आर्थिक वृद्धि के समक्ष जोखिम बने हुए हैं। घरेलू खपत बढ़ते और व्यापक होते महंगाई के दबाव के प्रति संवेदनशील बनी हुई है।

खुदरा मुद्रास्फीति सितंबर, 2026 में बढ़कर 5.54 प्रतिशत पर पहुंच गयी, जो भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के दो से छह प्रतिशत के लक्ष्य दायरे के ऊपरी स्तर के करीब है। इसके अलावा, कमजोर दक्षिण-पश्चिम मानसून और अल नीनो की परिस्थितियों से कृषि उत्पादन और ग्रामीण मांग प्रभावित हो सकती है।

मूडीज का वित्त वर्ष 2026-27 के लिए भारत की वृद्धि दर का अनुमान अन्य प्रमुख संस्थाओं के अनुमानों के करीब है। RBI और आर्थिक सहयोग एवं विकास संगठन (OECD) ने 7.1 प्रतिशत, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF), एशियाई विकास बैंक (ADB) और S&P ग्लोबल रेटिंग्स ने सात प्रतिशत और फिच रेटिंग्स ने 6.9 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान जताया है।

मूडीज ने कहा कि मजबूत खपत, निवेश की बेहतर होती स्थिति और मजबूत व्यापक आर्थिक बुनियाद से भारतीय अर्थव्यवस्था मध्यम अवधि में करीब सात प्रतिशत की वृद्धि दर बनाये रखने की स्थिति में है। निजी निवेश में लगातार तेजी से विनिर्माण, रोजगार और उत्पादकता को उल्लेखनीय बढ़ावा मिल सकता है, जिससे आर्थिक वृद्धि हमारी आधारभूत अनुमान दर से भी अधिक हो सकती है।

SCROLL FOR NEXT