मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : जून का लगभग आधा महीना बीत चुका है, लेकिन दक्षिण बंगाल अब भी मॉनसून की दस्तक का इंतजार कर रहा है। उत्तर बंगाल के कई जिलों में बारिश का दौर शुरू हो चुका है, जबकि कोलकाता, हावड़ा और हुगली समेत दक्षिणी इलाकों में लोगों को फिलहाल उमस भरी गर्मी झेलनी पड़ रही है। बीच-बीच में होने वाली बारिश और तेज हवाएं कुछ समय के लिए राहत जरूर दे रही हैं, मगर मौसम में स्थायी बदलाव अभी बाकी है।
दिनाजपुर तक पहुंचा मॉनसूनी प्रवाह
मौसम विभाग के अनुसार, मॉनसून लगातार आगे बढ़ रहा है। दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और डुआर्स क्षेत्र को पार करने के बाद यह उत्तर एवं दक्षिण दिनाजपुर तक पहुंच चुका है। अनुकूल परिस्थितियां बनी रहीं तो अगले 2 से 3 दिनों में इसका विस्तार बंगाल के अन्य हिस्सों तक होने की संभावना है।
कोलकाता में कब होगी बारिश की असली शुरुआत?
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि कोलकाता और आसपास के जिलों में मॉनसून किस दिन प्रवेश करेगा। तब तक लोगों को दोपहर या शाम के समय होने वाली छिटपुट वर्षा और स्थानीय आंधी-तूफान पर ही निर्भर रहना होगा। इसके बावजूद वातावरण में नमी अधिक रहने से गर्मी और बेचैनी बनी रह सकती है।
अगले 3 दिनों का मौसम पूर्वानुमान
शुक्रवार को भी महानगर और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। शनिवार यानी आज से सोमवार तक हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। हालांकि, बिजली गिरने और तेज आंधी की घटनाओं में कमी आने की संभावना है।
उत्तर बंगाल में भारी वर्षा का अलर्ट
दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, अलीपुरदुआर, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी तथा उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर में अगले कुछ दिनों के दौरान भारी वर्षा होने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।