टॉप न्यूज़

दक्षिण बंगाल में मॉनसून ने दी दस्तक, 8 जिलों में अलर्ट

अगले 7 दिनों तक जारी रह सकता है बारिश का दौर

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। जहां बुधवार को राज्य के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहा वहीं गुरुवार को मौसम में और बदलाव हुआ। सुबह से उमस और गर्मी ने लोगों को परेशान किया, लेकिन दोपहर बाद कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। इससे लोगों को गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन कई जगहों पर जलभराव और यातायात प्रभावित होने की खबरें भी सामने आईं। अलीपुर मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक शहर में ऐसा ही मौसम बने रहने का अनुमान है।

उत्तर बंगाल में मॉनसून पूरी तरह हुआ सक्रिय

उत्तर बंगाल में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून पहुंच चुका है और इसका असर साफ दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने जलपाईगुड़ी और अलीपुरदुआर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, कूचबिहार, उत्तर दिनाजपुर और दक्षिण दिनाजपुर में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। अगले मंगलवार तक कई इलाकों में लगातार वर्षा का दौर जारी रह सकता है।

दक्षिण बंगाल में भी बने मॉनसून के अनुकूल हालात

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण बंगाल के अधिकांश क्षेत्रों में मॉनसून के प्रवेश के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो चुकी हैं। फिलहाल मॉनसून राज्य के कुछ जिलों तक पहुंच गया है और अगले तीन से चार दिनों में पूरे दक्षिण बंगाल को कवर कर सकता है। इसके साथ ही बिहार, झारखंड और ओडिशा के कुछ हिस्सों में भी मॉनसून के आगे बढ़ने की संभावना है।

कालवैशाखी तूफान को लेकर अलर्ट

दक्षिण बंगाल के 8 जिलों में कालवैशाखी यानी नॉरवेस्टर तूफान की चेतावनी जारी की गई है। पूर्व और पश्चिम बर्दवान, पुरुलिया, बांकुड़ा, पूर्व और पश्चिम मिदनापुर, झाड़ग्राम तथा हुगली जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की भी संभावना है।

SCROLL FOR NEXT