टॉप न्यूज़

बंगाल में मॉनसून की एंट्री, गर्मी से जल्द मिलेगी राहत

60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

उत्तर बंगाल में भारी बारिश की चेतावनी

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : जून के दूसरे सप्ताह में ही बंगालवासियों के लिए राहत भरी खबर आई है। भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को अब जल्द राहत मिलने वाली है। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मॉनसून बंगाल में प्रवेश कर चुका है। यह दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, सिक्किम, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अलीपुरदुआर तक पहुंच गया है। अगले 4 से 5 दिनों के भीतर मॉनसून के राज्य के शेष हिस्सों में भी फैलने की संभावना है।

उत्तर बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने उत्तर बंगाल के कई जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। बुधवार यानी आज अलीपुरदुआर, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार में मूसलधार बारिश होने की संभावना है। वहीं दार्जिलिंग और कलिम्पोंग में भी भारी वर्षा का अनुमान है। बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

दक्षिण बंगाल में कालवैशाखी का खतरा

दक्षिण बंगाल में फिलहाल प्री-मानसून गतिविधियां जारी रहेंगी। मौसम विभाग ने कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और आंधी की संभावना जताई है। बीरभूम, मुर्शिदाबाद, नदिया, पूर्व और पश्चिम बर्दवान तथा उत्तर और दक्षिण 24 परगना जिलों के लिए कालवैशाखी की चेतावनी जारी की गई है। इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार पूरे सप्ताह बंगाल के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है।

SCROLL FOR NEXT