टॉप न्यूज़

बंगाल में मानसून सक्रिय, उत्तर में आज ऑरेंज अलर्ट

रविवार को 8 जिलों में आंधी-तूफान के साथ हुई झमाझम बारिश

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : रविवार को मौसम ने अचानक करवट ली और दक्षिण बंगाल के 8 जिलों में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया। दक्षिण 24 परगना, पूर्वी और पश्चिमी मिदनापुर, बांकुड़ा, पूर्वी और पश्चिमी बर्धमान, बीरभूम और मुर्शिदाबाद में तेज हवाओं (30-40 किमी प्रति घंटा) और आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र और मॉनसून ट्रफ के असर से यह स्थिति बनी है। रविवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री और अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री दर्ज किया गया। बुधवार से कोलकाता में भी बारिश होने की संभावना है।

पहाड़ी इलाकों में ऑरेंज अलर्ट

अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और कूचबिहार जिले में रविवार को हुई भारी बारिश के के कारण 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है। लगातार हो रही इस मूसलधार बारिश से तीस्ता, तोर्सा, रायडक और जलढाका जैसी नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है।

आने वाले दिनों के लिए नई चेतावनी जारी

सोमवार यानी आज से उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, अलीपुरदुआर, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और कलिम्पोंग में भारी से बहुत भारी बारिश का 'ऑरेंज अलर्ट' जारी रहेगा। वहीं, दक्षिण बंगाल के उत्तर 24 परगना, नदिया और मुर्शिदाबाद में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, जिससे राज्य में मानसूनी गतिविधियां और तेज हो गई हैं।

SCROLL FOR NEXT