फाइल फोटो 
टॉप न्यूज़

भारत का अमेरिका को संकेत, मोदी ने की पुतिन से बात

‘टैरिफ बम’ के विकल्पों पर नजर, दोहरायी ठोस द्विपक्षीय संबंधों की प्रतिबद्धता

नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से शुक्रवार को फोन पर बात की और दोनों नेताओं ने भारत-रूस विशेष एवं विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहरायी।

द्विपक्षीय एजेंडे में प्रगति की भी समीक्षा

पुतिन ने मोदी को यूक्रेन के साथ अपने देश के जारी संघर्ष के बारे में जानकारी दी जबकि मोदी ने इस मुद्दे के शांतिपूर्ण समाधान के लिए भारत के दृढ़ रुख को दोहराया। दोनों नेताओं के बीच यह बातचीत ऐसे समय में हुई है जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप रूसी तेल खरीद को लेकर भारत पर दबाव बढ़ा रहे हैं। ट्रंप ने बुधवार को रूस से तेल खरीद जारी रखने पर भारत से आयातित वस्तुओं पर अतिरिक्त 25 प्रतिशत शुल्क लगाने के कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर कर दिये थे। इसके साथ ही भारतीय उत्पादों पर अमेरिका में लगने वाला शुल्क अब बढ़कर 50 प्रतिशत हो गया है। अतिरिक्त 25 प्रतिशत शुल्क 27 अगस्त से लागू होगा। मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि राष्ट्रपति पुतिन के साथ बहुत अच्छी और विस्तृत बातचीत हुई। उन्होंने यूक्रेन पर नवीनतम घटनाक्रम से अवगत कराने के लिए उनका आभार जताया।

गुरुवार को ब्राजील के राष्ट्रपति से की थी बात

दोनों वैश्वक नेताओं ने अपने द्विपक्षीय एजेंडे में प्रगति की भी समीक्षा की और भारत-रूस विशेष एवं विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहरायी। पुतिन का इस वर्ष के अंत में भारत आने का कार्यक्रम है। मोदी ने पुतिन को इस वर्ष के अंत में वार्षिक द्विपक्षीय शिखर सम्मेलन के लिए भारत आने का निमंत्रण दिया है। यह 23वां भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन होगा। ब्राजील के राष्ट्रपति लुईज इनासियो लूला दा सिल्वा ने भी गुरुवार को मोदी से टेलीफोन पर बात की थी। इस दौरान दोनों नेताओं ने व्यापार, प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, रक्षा, कृषि, स्वास्थ्य और लोगों के बीच संबंधों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जतायी थी।

SCROLL FOR NEXT