नयी दिल्ली : केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को 19000 करोड़ रुपये से ज्यादा की पांच प्रमुख परियोजनाओं और योजनाओं को मंजूरी दी। इनमें सबसे बड़ा फैसला देश में निर्माण और बुनियादी ढांचा क्षेत्र में इस्तेमाल होने वाली भारी मशीनों के निर्माण को बढ़ावा देने से जुड़ा है। इसके अलावा तमिलनाडु में कामराजार पोर्ट पर टर्मिनल और असम में नये एअरपोर्ट को भी सरकार ने मंजूरी दी है।
क्रेन-बुलडोजर जैसी मशीनें बनाने के लिए 11 हजार करोड़ की योजना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक के बाद सूचना प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने संवाददाताओं को बताया कि भारी मशीनों और अन्य बड़े निर्माण उपकरणों के घरेलू निर्माण को बढ़ावा देने के लिए 11000 करोड़ की योजना को मंजूरी दी गयी है। योजना के दायरे में उपकरणों की सात श्रेणियां शामिल हैं, जिनका पूरी तरह या बड़े पैमाने पर आयात किया जाता है। इनमें सुरंग खोदने वाली मशीनें, ट्रक, खुदाई करने वाली मशीनें (एक्सकेवेटर), क्रेन, लोडर, पाइलिंग रिग और ड्रिलिंग मशीनें शामिल हैं। पिछले महीने चीन ने सुरंग खोदने वाली मशीनों सहित कई प्रमुख मशीनों के निर्यात पर नये नियंत्रणों की घोषणा की थी। इससे भारत की बुनियादी ढांचा विकास परियोजनाओं पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है। वैष्णव ने कहा कि भारी उद्योग मंत्रालय इस योजना को लागू करेगा।
कामराजार पोर्ट पर दूसरा कंटेनर टर्मिनल
वैष्णव ने बताया कि मंत्रिममंडल ने 4,288 करोड़ रुपये की लागत से तमिलनाडु के कामराजार पोर्ट में दूसरे कंटेनर टर्मिनल के निर्माण को मंजूरी दी है। सरकार का कहना है कि कंटेनर ट्रैफिक लगातार बढ़ रहा है और नयी सुविधा से तमिलनाडु, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के उद्योगों और व्यापार को लाभ मिलेगा। इस परियोजना के तहत 900 मीटर लंबा कंटेनर टर्मिनल बनाया जायेगा। इसकी डिजाइन क्षमता सालाना 20 लाख TEU (20 फुट समतुल्य इकाई) संभालने की होगी। परियोजना को दो चरणों में पूरा किया जायेगा। इस परियोजना को डिजाइन, निर्माण, वित्तपोषण, संचालन और हस्तांतरण (DBFOT) मॉडल के तहत विकसित किया जायेगा।
सिलचर में नया ग्रीनफील्ड एअरपोर्ट
सरकार असम के सिलचर में 2014 करोड़ रुपये की लागत से नया ग्रीनफील्ड एअरपोर्ट बनायेगी। वैष्णव ने कहा कि नये हवाईअड्डे पर व्यस्ततम समय में 800 यात्रियों को संभालने की क्षमता होगी। इसकी सालाना यात्री क्षमता 10.1 लाख होगी। परियोजना का पूरा खर्च एएआई अपने आंतरिक संसाधनों से वहन करेगा। नये हवाईअड्डे का टर्मिनल भवन 12,351 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनेगा। परियोजना के तहत 2,705 मीटर लंबा और 45 मीटर चौड़ा रनवे बनाया जायेगा, जो ए-320 विमानों के संचालन के अनुकूल होगा। इसके अलावा, छह A-320 विमानों को एक साथ खड़ा करने वाला एक पार्किंग क्षेत्र और विमानों को अलग खड़ा करने के लिए एक विशेष स्थान भी बनाया जायेगा।
डाक संचालन योजना को 2030-31 तक जारी रखने की मंजूरी
मंत्रिमंडल ने डाक संचालन योजना को 16वें वित्त आयोग की अवधि यानी वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31के लिए जारी रखने की मंजूरी दी है। इसके लिए 1,141 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। इसका उद्देश्य डाक बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, परिचालन दक्षता बढ़ाना और देशभर में लॉजिस्टिक, ई-कॉमर्स तथा डिजिटल सेवाओं की बढ़ती जरूरतों को पूरा करना है। डाकघरों को ग्रामीण कारोबारी केंद्रों के रूप में विकसित किया जायेगा। यहां बैंकिंग सेवाओं, रेल टिकट बुकिंग और बीमा जैसी सुविधाएं उपलब्ध करायी जायेंगी। इसके अलावा, पार्सल सेवाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जायेगा।
डाक विभाग के बुनियादी ढांचे के लिए 1,491 करोड़ मंजूर
डाक विभाग की संपदा प्रबंधन स्कीम को वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक जारी रखने के लिए 1,491 करोड़ मंजूर किये हैं। इसके तहत देशभर में डाक विभाग के भवनों और सुविधाओं को बेहतर बनाया जायेगा।