नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने व्यापार, रक्षा, ऊर्जा और महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों जैसे प्रमुख क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ मंगलवार को व्यापक वार्ता की। मैक्रों तीन दिवसीय दौरे पर आज सुबह मुंबई पहुंचे। वह नयी दिल्ली में हो रहे ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में भाग लेंगे।
मुंबई के लोकभवन में पहुंचने पर फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों का प्रधानमंत्री मोदी ने गर्मजोश से स्वागत किया। दोनों नेता एक दूसरे से गले मिले, जैसा कि हर बार मिलने पर होता। उसके बाद बैठक के लिए दोनों नेता बैठक कक्ष में गए।
मोदी के साथ वार्ता के बाद, मैक्रों भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष की शुरुआत से जुड़े समारोह में शामिल होंगे। फ्रांसीसी राष्ट्रपति का यह दौरा भारत द्वारा फ्रांस के साथ 114 राफेल लड़ाकू विमानों की खरीद के लिए काफी समय से लंबित प्रस्ताव को मंजूरी देने के कुछ दिनों बाद हो रहा है। इस सौदे को हाल के वर्षों में दुनिया की सबसे बड़ी सैन्य खरीद में से एक बताया जा रहा है।
माना जा रहा है कि रक्षा सहयोग को मजबूत करना और महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकी क्षेत्र में द्विपक्षीय जुड़ाव को बढ़ाना, दोनों देशों के संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए प्राथमिकता वाले क्षेत्र हैं। मोदी ने मैक्रों के पोस्ट के जवाब में दिन में सोशल मीडिया पर लिखा, ‘‘भारत में आपका स्वागत है! भारत आपकी यात्रा और हमारे द्विपक्षीय संबंधों को नयी ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए उत्साहित है। मुझे विश्वास है कि हमारी चर्चा विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करेगी तथा वैश्विक प्रगति में योगदान देगी। मेरे प्रिय मित्र- इमैनुएल मैक्रों, मुंबई में और फिर दिल्ली में मिलते हैं।’’