टॉप न्यूज़

बिहार ने फिर दिखाया, झूठ हारता है, जनविश्वास जीतता हैः मोदी

पीएम ने कांग्रेस को मुस्लिम-लीगी माओवादी कांग्रेस यानी MMC बताया, कहा- मुझे आशंका है, हो सकता है, आगे कांग्रेस का एक और बड़ा विभाजन हो।

नई दिल्लीः प्रधानमत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार चुनाव में राजग की अभूतपूर्व जीत के लिए बिहार की जनता का आभार जताते हुए कहा कि बिहार के लोगों ने गर्दा उड़ा है। उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों ने पूरे देश को यह बता दिया है कि तुष्टिकरण की नीति नहीं चलेगी, बल्कि विकास का मुद्दा ही मुख्य होगा।

पीएम ने कहा कि बिहार वो धरती है,जिसने भारत को लोकतंत्र की जननी होने का गौरव दिया है। आज उसी धरती ने लोकतंत्र पर हमला करने वाली ताकतों को धूल चटाई है। बिहार ने फिर दिखाया है, 'झूठ हारता है -जनविश्वास जीतता है'। बिहार ने डंके की चोट पर ​कह दिया है, जमानत पर चल रहे लोगों का जनता साथ नहीं देगी।

पीएम ने कहा भारत, अब सच्चे सामाजिक न्याय के लिए वोट कर रहा है। जहां हर परिवार को समानता, सम्मान और अवसर मिलता है और जहां अब तुष्टिकरण की कोई जगह नहीं। भारत के लोग अब सिर्फ विकास चाहते हैं, तेज विकास चाहते हैं, विकसित भारत बनाना चाहते हैं।

मुस्लिम-लीगी माओवादी कांग्रेस यानी MMC

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास देश के लिए कोई पॉज़िटिव विजन नहीं है। सच्चाई यह है कि आज कांग्रेस ‘मुस्लिम-लीगी माओवादी कांग्रेस’, यानी MMC बन गई है। कांग्रेस का पूरा एजेंडा इसी पर चलता है, इसलिए कांग्रेस के भीतर भी अब एक नया धड़ा पैदा हो रहा है, जो इस नकारात्मक राजनीति से असहज है। कांग्रेस के नामदार जिस रास्ते पर पार्टी को लेकर चल रहे हैं, उसके प्रति घोर निराशा और घोर नाराजगी अंदर ही अंदर पनप रही है। मुझे आशंका है—हो सकता है, आगे कांग्रेस का एक और बड़ा विभाजन हो।

युवाओं ने मतदाता सूची के शुद्धिकरण को गंभीरता से लिया

मोदी ने कहा कि बिहार के चुनाव ने एक और बात सिद्ध की है। अब देश का मतदाता, खासतौर पर हमारा युवा मतदाता, 'मतदाता सूची के शुद्धिकरण को बहुत गंभीरता से लेता है। बिहार के युवा ने भी मतदाता सूची के शुद्धिकरण को जबरदस्त तरीके से सपोर्ट किया है। अब हर दल का दायित्व बनता है कि वे पोलिंग बूथ पर अपनी-अपनी पार्टियों को सक्रिय करें और मतदाता सूची के शुद्धिकरण के काम में उत्साह के साथ जुड़ें और शत प्रतिशत योगदान दें, ताकि बाकी जगहों पर भी मतदाता सूची का पूरी तरह शुद्धिकरण हो सके।

अबतक राजद व कांग्रेस ने छठी मईया से माफी नहीं मांगी

पीए मोदी ने कहा कि भारत के विकास में, बिहार के लोगों की बहुत बड़ी भूमिका रही है, लेकिन जिन लोगों ने दशकों तक देश पर शासन किया, उन लोगों ने बिहार को बदनाम किया। इन लोगों ने न बिहार के गौरवशाली अतीत का सम्मान किया और न ही यहां की परंपरा और संस्कृति का आदर किया। सोचिए, जो लोग छठ पूजा को ड्रामा कह सकते हैं, वो लोग बिहार की परंपरा का कितना सम्मान करते होंगे। इनकी हेकड़ी देखिए, छठी मैया से आरजेडी और कांग्रेस ने आज तक माफी नहीं मांगी। और बिहार के लोग ये कभी नहीं भूलेंगे।

बिहार में अब कभी जंगलराज नहीं लौटेगा

प्रधानमंत्री ने कहा कि नई सरकार के साथ एनडीए अब बिहार में 25 वर्षों की स्वर्णिम यात्रा की ओर आगे बढ़ रहा है। बिहार ने ये सुनिश्चित किया है कि बिहार की महान भूमि पर फिर कभी जंगलराज की वापसी नहीं होने वाली है। आज की ये जीत बिहार के उन बहनों, बेटियों की है, जिन्होंने आरजेडी के राज में जंगलराज का आतंक झेला है। ये जीत, बिहार के उस नौजवान की है, जिसके भविष्य को कांग्रेस और लाल झंडे वालों के आतंक के कारण बर्बाद किया गया। आज के ये परिणाम, वंशवाद की राजनीति के खिलाफ, विकासवाद की राजनीति को दिया जनादेश है।

6 चुनावों में कांग्रेस एक बार भी 100 सीटों पर नहीं पहुंची

पीएम मोदी ने कहा कि 2024 लोकसभा चुनाव के बाद, देश के 6 राज्यों में विधानसभा चुनाव हुए हैं और इन 6 चुनावों में कांग्रेस एक बार भी 100 सीटों का आंकड़ा पार नहीं कर पाई है। आज के दिन, सिर्फ एक चुनाव में जितने हमारे विधायक चुने गए हैं, कांग्रेस पिछले 6 चुनाव में उतने विधायक भी नहीं जीत पाई थी। लोकसभा चुनाव के बाद, हमें देश के कई राज्यों में विधानसभा चुनावों में प्रचंड बहुमत के साथ जीत मिली। जिस हरियाणा की धरती ने ‘जय जवान—जय किसान’ की भावना को आगे बढ़ाया, उस हरियाणा ने हमें लगातार तीसरी बार सेवा का अवसर दिया। छत्रपति शिवाजी महाराज, बाबा साहेब अंबेडकर और वीर सावरकर की पुण्य भूमि महाराष्ट्र में हमें प्रचंड जीत मिली। लगातार तीसरी बार महाराष्ट्र में हमें जीत मिली। देश की राजधानी में 25 वर्षों बाद हम बहुमत से जीते और आज बिहार में इतनी बड़ी संख्या में जीतकर आए हैं।

SCROLL FOR NEXT