प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फाइल फोटो) 
टॉप न्यूज़

मोदी क्षेत्र के दूसरे सबसे प्रभावशाली नेता : पावर इंडेक्स

एशिया पावर इंडेक्स 2026 में भारत का दबदबा बढ़ा

Kamlesh Pandey

चीन से अंकों का अंतर 2018 के बाद सबसे कम

नयी दिल्ली : एशिया में भारत की ताकत का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। स्वतंत्र थिंक टैंक लोवी इंस्टीट्यूट के ‘एशिया पावर इंडेक्स 2026’ में भारत ने तीसरे सबसे शक्तिशाली देश के रूप में अपनी स्थिति और मजबूत की है। सूचकांक के मुताबिक, 2026 में भारत का पावर स्कोर 0.5 अंक बढ़कर 40.5 हो गया है। इसके साथ ही चीन और भारत के बीच शक्ति का अंतर 2018 में सूचकांक शुरू होने के बाद सबसे कम स्तर पर पहुंच गया है। यह भारत की बढ़ती सामरिक, कूटनीतिक और सांस्कृतिक ताकत का संकेत है।

अमेरिका और चीन का दबदबा बरकरार

एशिया पावर इंडेक्स में अमेरिका और चीन को 2026 की 2 महाशक्तियों के रूप में स्थान दिया गया है। अमेरिका 78.9 अंकों के साथ पहले और चीन 73.6 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। भारत 40.5 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर कायम है। खास बात यह है कि अमेरिका और चीन के बीच अंकों का अंतर घटकर महज 5.3 रह गया है। 2018 में सूचकांक की शुरुआत के बाद यह दोनों देशों के बीच अब तक का सबसे कम अंतर है। सैन्य क्षमता के मामले में भी दोनों के बीच दूरी अपने निचले स्तर पर पहुंच गई है।

रक्षा सहयोग से मजबूत हुई भारत की स्थिति

भारत की बढ़ती ताकत के पीछे रक्षा सहयोग और क्षेत्रीय साझेदारियों की अहम भूमिका रही है। दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों को ब्रह्मोस मिसाइलों की बिक्री और क्षेत्रीय रक्षा सहयोग में विस्तार से भारत के सामरिक संबंध मजबूत हुए हैं। इसके अलावा व्यापार और निवेश के स्थिर रिश्तों ने भी भारत की स्थिति को मजबूती दी है। सूचकांक के अनुसार, भारत उन चुनिंदा देशों में शामिल रहा, जिनके आर्थिक संबंधों में इस साल कमजोरी नहीं आई।

मोदी एशिया के दूसरे सबसे प्रभावशाली नेता

रिपोर्ट में भारत के कूटनीतिक प्रभाव को भी मजबूत बताया गया है। विशेषज्ञों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बाद एशिया का दूसरा सबसे प्रभावशाली नेता माना है। हालांकि, खाड़ी क्षेत्र में संघर्ष के दौरान भारत की सीमित सक्रियता ने वैश्विक नेतृत्व के रूप में मोदी की छवि को लेकर विशेषज्ञों की राय को कुछ प्रभावित किया।

सांस्कृतिक प्रभाव में सबसे बड़ी छलांग

भारत को 2026 में सांस्कृतिक प्रभाव के क्षेत्र में सबसे अधिक 2.3 अंकों का फायदा हुआ। रक्षा नेटवर्क में 2.1 अंक, भविष्य के संसाधनों में 1.2 अंक और सैन्य क्षमता में 0.5 अंक का सुधार दर्ज किया गया। हालांकि, आर्थिक क्षमता के मामले में भारत को 0.7 अंकों का नुकसान हुआ। लचीलेपन, आर्थिक संबंधों और कूटनीतिक प्रभाव के स्कोर में कोई बदलाव नहीं हुआ। नवीनतम सूचकांक में भारत को आर्थिक क्षमता के लिए 26.4, सांस्कृतिक प्रभाव के लिए 43.8 और कूटनीतिक प्रभाव के लिए 70.3 अंक मिले हैं।

अमेरिकी प्रभाव में लगातार चौथे साल गिरावट

रिपोर्ट में अमेरिका के कूटनीतिक प्रभाव में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। उसका स्कोर 6 अंक घटकर 76.7 रह गया है। यह अब तक की सबसे बड़ी गिरावट बताई गई है। लगातार चौथे साल अमेरिका के कूटनीतिक प्रभाव में कमी आई है। इसके पीछे ईरान युद्ध, दंडात्मक शुल्क यानी टैरिफ और दक्षिण कोरिया के साथ सैन्य अभ्यास में कमी जैसे कारण बताए गए हैं।

दो ध्रुवों के बीच ही कायम है एशिया की शक्ति

दक्षिण-पूर्व एशिया कार्यक्रम और एशिया पावर इंडेक्स के निदेशक हंटर मार्स्टन के अनुसार, क्षेत्र में उथल-पुथल के बावजूद शक्ति का क्षेत्रीय संतुलन अब भी मुख्य रूप से दो ध्रुवों के बीच बना हुआ है। उन्होंने कहा कि अमेरिका और चीन का दबदबा कायम है। मध्यम शक्तियों का कोई समूह या उभरता हुआ सत्तावादी गठबंधन भी फिलहाल इन दोनों देशों की जगह लेने की स्थिति में नहीं है।

27 देशों और क्षेत्रों का आकलन

लोवी इंस्टीट्यूट का एशिया पावर इंडेक्स 2026 कुल 131 मानकों के आधार पर एशिया के 27 देशों और क्षेत्रों की रैंकिंग करता है। इसका उद्देश्य यह आकलन करना है कि क्षेत्र में किस देश के पास कितनी शक्ति है और उसका प्रभाव कितना व्यापक है।

SCROLL FOR NEXT