देश या विदेश, पीएम नरेंद्र मोदी के हर जगह बड़ी संख्या में प्रशंसक हैं। -
टॉप न्यूज़

इंस्टाग्राम पर मोदी नंबर वन

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘इंस्टाग्राम’ पर 10 करोड़ फॉलोअर हो गए हैं और इसके साथ ही इस सोशल मीडिया मंच पर यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह विश्व के पहले नेता बन गए हैं।

नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘इंस्टाग्राम’ पर 10 करोड़ फॉलोअर हो गए हैं और इसके साथ ही इस सोशल मीडिया मंच पर यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह विश्व के पहले नेता बन गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी 2014 में इंस्टाग्राम से जुड़े थे और पिछले एक दशक में उनका अकाउंट वैश्विक नेताओं के बीच सबसे अधिक सक्रिय डिजिटल मंच में से एक बन गया है। वैश्विक नेताओं में मोदी के ‘इंस्टाग्राम’ पर अब सबसे अधिक फॉलोअर हैं। सोशल मीडिया मंच पर उनके फॉलोअर की संख्या अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फॉलोअर से दोगुनी से भी अधिक है।

अधिकारियों ने बताया कि अगले पांच प्रमुख विश्व नेताओं के फॉलोअर की कुल संख्या भी मोदी के फॉलोअर की संख्या से कम है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 4.32 करोड़ फॉलोअर के साथ दूसरे स्थान पर हैं। ट्रंप के बाद इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के 1.5 करोड़ फॉलोअर हैं, जबकि ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डी सिल्वा के 1.44 करोड़ फॉलोअर हैं। इसके बाद तुर्किये के राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोआन का स्थान आता है जिनके 1.16 करोड़ फॉलोअर हैं जबकि अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मिलेई के 64 लाख फॉलोअर हैं।

अधिकारियों ने कहा कि यह प्रधानमंत्री मोदी की बेजोड़ वैश्विक पहुंच और दुनिया भर के युवाओं के बीच उनकी लोकप्रियता को रेखांकित करता है। भारत में भी फॉलोअर की संख्या के मामले में अंतर काफी बड़ा है, क्योंकि इंस्टाग्राम पर मोदी अन्य भारतीय नेताओं से काफी आगे हैं।

उनके बाद दूसरे स्थान पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हैं जिनके लगभग 1.61 करोड़ फॉलोअर हैं, उनके बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगभग 1.26 करोड़ फॉलोअर के साथ तीसरे स्थान पर हैं।

SCROLL FOR NEXT