टॉप न्यूज़

मिठाई की आस में घर का पता बताया

COD पहुंचने लगे टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, छोड़ना पड़ा घर

Kamlesh Pandey

मदुरै (तमिलनाडु) : दीपावली पर मिठाई का डिब्बा पाने की चाहत में एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने अपने घर का पता क्या साझा किया, उसके लिए मुसीबतों का पिटारा ही खुल गया। मिठाई तो मिली नहीं, लेकिन घर पर वॉशिंग मशीन, फ्रिज, स्मार्टफोन और टीवी जैसे महंगे सामानों की डिलीवरी होने लगी और ‘कैश ऑन डिलीवरी’ (COD) के इन ऑर्डर से परेशान होकर आखिरकार उसे अपना घर ही छोड़ना पड़ा। हद तो तब हो गई जब कुछ शरारती तत्वों ने उनके पते पर JCB खुदाई मशीनों और 70 करोड़ रुपये के सैन्य टैंकों तक के ऑर्डर दे दिए।

दर्शकों के साथ चुहल पड़ा भारी

मदुरै के रहने वाले सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर वीरमणि अपने स्थानीय अंदाज में बोलने और मजेदार पोस्ट के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में उन्होंने दीपावली पर मिठाई का एक डिब्बा पाने की उम्मीद में पश्चिम अनूप्पनाडी स्थित अपने घर का पता सोशल मीडिया पर साझा किया था। उन्हें उम्मीद थी कि कोई उदार ‘फॉलोअर’ उनकी फरमाइश पूरी कर देगा। लेकिन कुछ शरारती फॉलोअर ने उनकी इस अपील का गलत फायदा उठाते हुए उनके घर के पते पर COD (सामान की डिलीवरी मिलने पर पैसे देने की सुविधा) के जरिए एक के बाद एक सामानों के ऑर्डर देने शुरू कर दिए। देखते ही देखते अमेजन और फ्लिपकार्ट जैसी ई-कॉमर्स कंपनियों के डिलीवरी एजेंट उनके घर पहुंचने लगे। उनके हाथों में वॉशिंग मशीन, फ्रिज, स्मार्टफोन और टेलीविजन जैसे महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान थे। एक टेलीविजन सेट का ऑर्डर तो 1.69 लाख रुपये का निकला।

नहीं दिया था JCB और 70 करोड़ के टैंक का ऑर्डर

वीरमणि ने न तो इन सामानों का ऑर्डर दिया था और न ही उनके पास इनके भुगतान के लिए पैसे थे। ऐसे में वह न तो सामान स्वीकार कर सकते थे और न ही डिलीवरी एजेंटों को जरूरी ‘OTP’ (वन टाइम पासवर्ड) दे सकते थे, जिसके बिना डिलीवरी की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकती थी। शरारत करने वालों ने सोशल मीडिया पर स्क्रीनशॉट भी साझा किए। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने वीरमणि के पते पर JCB खुदाई मशीनों और 70 करोड़ रुपये के सैन्य टैंकों तक के ऑर्डर दे दिए हैं, जिनका भुगतान सामान की डिलीवरी के समय किया जाना था।

सार्वजनिक अपील भी बेअसर

हालांकि, वीरमणि की इस सार्वजनिक अपील का भी कोई असर नहीं हुआ। सामानों की डिलीवरी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा था। जब पत्रकार और सोशल मीडिया के कुछ अन्य इन्फ्लुएंसर अनूप्पनाडी स्थित उनके घर पहुंचे, तो उन्हें मकान पर ताला लगा मिला। पड़ोसियों ने बताया कि डिलीवरी एजेंटों के दिन-रात लगातार घर पहुंचने और लगातार ‘परेशान’ होने के कारण वीरमणि को अपना सामान समेटकर वहां से जाना पड़ा। सोशल मीडिया पर हाल में एक रील में वीरमणि ने कहा, ‘मैं यात्रा कर रहा हूं। अब कोई मेरा पता नहीं ढूंढ़ सकता। अब कोई मुझे नियंत्रित नहीं कर सकता।’ फिलहाल, वीरमणि कहां हैं, इसका पता नहीं चल पाया है। सार्वजनिक रूप से उपलब्ध उनके फोन नंबर पर किए जाने वाले कॉल भी ब्लॉक हो रहे हैं। यानी दीपावली पर मिठाई का एक डिब्बा पाने की छोटी-सी उम्मीद से शुरू हुआ यह मामला अब उनके लिए ऐसी मुसीबत बन गया है कि उन्हें अपना घर छोड़कर ही जाना पड़ा।

SCROLL FOR NEXT