निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा के बेंटरा थाना क्षेत्र अंतर्गत खीरोदपाड़ा इलाके में बुधवार की शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब 72 नंबर रूट की एक बस में सवार तीन युवकों ने अचानक हिंसक व्यवहार करना शुरू कर दिया। यात्रियों के अनुसार, तीनों युवक चलती बस में सवार हुए और चढ़ते ही बस के ड्राइवर के साथ गाली-गलौज करते हुए उससे मारपीट करने लगे। जब बस के कंडक्टर और यात्रियों ने इस दबंगई का विरोध किया, तो आरोपियों ने उन पर भी हमला बोल दिया।
कंडक्टर का रुपयों से भरा बैग छीनने की कोशिश
बात यहीं खत्म नहीं हुई, जब यात्रियों ने एकजुट होकर कड़ा प्रतिवाद किया तो आरोपियों ने कंडक्टर के पास मौजूद रुपयों से भरा कैश बैग छीनकर भागने का प्रयास किया। घटना से गुस्साये यात्रियों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए भाग रहे आरोपियों में से एक को मौके पर ही धर दबोचा। इसके बाद लोगों ने आरोपी को तुरंत बेंटरा थाने ले जाकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि घटना में शामिल उसके अन्य दो फरार साथियों की तलाश की जा रही है।