टॉप न्यूज़

भारी बारिश के मद्देनजर मंत्री और विधायक स्थिति पर नजर रखने के लिए अपने क्षेत्रों में रहें : सीएम

कोलकाता : बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को मंत्रियों और विधायकों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में रहें और राज्य के कई जिलों में हुई भारी बारिश से उत्पन्न स्थिति पर करीब से नजर रखें। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। शुभेंदु अधिकारी ने मंत्रिमंडल की बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने मंत्रियों और विधायकों से कहा कि वे बुधवार रात उन इलाकों में पहुंचें और वहीं ठहरें, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि बारिश से प्रभावित लोगों को सरकारी मदद मिल सके।

राज्य सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि, ‘‘मंत्रियों और विधायकों से कहा गया है कि वे अपने-अपने इलाकों में रहें और राहत व बचाव कार्यों की सीधे निगरानी करें। उन्हें निर्देश दिया गया है कि वे इलाके छोड़कर न जाएं और लोगों के लिए उपलब्ध रहें।’’ उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चाहते थे कि चुने हुए प्रतिनिधि स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर काम करें और यह सुनिश्चित करें कि लोगों तक मदद बिना किसी देरी के पहुंचे, साथ ही राहत, बचाव या ज़रूरी सेवाओं से जुड़ी किसी भी समस्या की जानकारी दें। राज्य सरकार ने पिछले कुछ दिनों में भारी बारिश से प्रभावित अलग-अलग हिस्सों के हालात पर नजर रख रही है और शुभेंदु अधिकारी द्वारा जारी निर्देश इसी कड़ी में दिये गए हैं।

उन्होंने बताया कि कोलकाता और दक्षिण बंगाल के ज़िलों, जैसे कि उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, पुरुलिया, हावड़ा, हुगली, पूर्व और पश्चिम बर्दवान में पिछले कुछ दिनों में भारी बारिश हुई है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मंत्रिमंडल ने मेधावी शिक्षकों के लिए ‘शिक्षा-रत्न पुरस्कार’ की जगह ‘विद्यासागर शिक्षक सम्मान’ शुरू करने को भी मंजूरी दी। उन्होंने कहा कि यह नया सम्मान हर साल पांच सितंबर को शिक्षक दिवस के मौके पर दिया जाएगा।

SCROLL FOR NEXT