फाइल फोटो  REP
टॉप न्यूज़

मिमी चक्रवर्ती ने अदालत में दर्ज कराया बयान, बोलीं- 'झूठे आरोपों के खिलाफ जारी रहेगी लड़ाई'

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बनगांव: मशहूर अभिनेत्री और पूर्व सांसद मिमी चक्रवर्ती ने गुरुवार को बनगांव उत्तर 24 परगना की अदालत में पेश होकर अपना गोपनीय बयान दर्ज कराया। यह मामला पिछले महीने एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान अभिनेत्री को अपमानित करने और मंच से जबरन उतारने के आरोपों से जुड़ा है। न्यायाधीश अबुल हसन जमादार के समक्ष मिमी ने अपना बयान रिकॉर्ड कराया और क्लब सदस्य तनय शास्त्री के खिलाफ अपने दावों पर अडिग रहीं।

क्या है पूरा विवाद?

घटना 25 जनवरी की है, जब बनगांव के नया गोपालगंज युवा संघ के एक कार्यक्रम में मिमी चक्रवर्ती को आमंत्रित किया गया था। क्लब का आरोप था कि मिमी को रात 10:30 बजे पहुंचना था, लेकिन वे करीब एक घंटा देरी से पहुंचीं और मंच पर चढ़ते-चढ़ते उन्हें 11:45 बज गए। इसी देरी से नाराज होकर कार्यक्रम के आयोजकों में से एक, तनय शास्त्री पर आरोप लगा कि उन्होंने बीच में ही अभिनेत्री का परफॉर्मेंस रुकवा दिया और उन्हें अपमानित कर मंच से नीचे उतार दिया।

इस घटना के बाद मिमी चक्रवर्ती ने बनगांव थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। जब पुलिस आरोपी तनय शास्त्री के घर जांच के लिए पहुंची, तो स्थानीय महिलाओं ने पुलिस का घेराव कर बाधा डाली। अंततः जांच में असहयोग के आरोप में तनय शास्त्री को गिरफ्तार कर लिया गया और फिलहाल वह जेल हिरासत में है।

अदालत में मिमी की बेबाकी

गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे मिमी चक्रवर्ती भारी सुरक्षा के बीच अदालत पहुंचीं। पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा, "क्लब के बाकी सभी सदस्य बहुत ही शालीन और अच्छे हैं। उन्होंने मेरा सम्मान किया और सुरक्षित मेरी गाड़ी तक छोड़ा। केवल तनय शास्त्री ने मेरे साथ दुर्व्यवहार किया। मुझ पर देरी से आने और कार्यक्रम खराब करने के जो झूठे आरोप लगाए गए हैं, मैं उसके खिलाफ लड़ रही हूं।"

मिमी ने यह भी दावा किया कि उनके जाने के बाद भी कार्यक्रम जारी रहा था, जिसके पुख्ता सबूत और दस्तावेज उन्होंने अदालत को सौंपे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक कलाकार के सम्मान के साथ समझौता नहीं किया जा सकता।

आरोपी के तेवर अब भी बरकरार

दूसरी ओर, जेल हिरासत में होने के बावजूद आरोपी तनय शास्त्री के तेवर नरम नहीं पड़े हैं। गिरफ्तारी के वक्त उन्होंने मिमी के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा था कि वे "इसे आखिरी अंजाम तक देखेंगे।" अदालत के सूत्रों के अनुसार, आगामी 7 फरवरी को तनय शास्त्री सहित तीन अन्य लोगों को दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा।

इस मामले ने बंगाल के मनोरंजन जगत और राजनीतिक गलियारों में काफी चर्चा बटोरी है। बनगांव के लोग और मिमी के प्रशंसक अब कोर्ट के अगले फैसले का इंतजार कर रहे हैं।

SCROLL FOR NEXT